![]()
फाजिल्का जिले के कस्बा अरनीवाला में एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव महाराज वाला निवासी करन के रूप में हुई है, जो अरनीवाला स्थित एक लुक (कोलतार) प्लांट में बतौर मुंशी कार्यरत था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, करन अपनी बाइक पर सवार होकर रोजाना की तरह काम पर जा रहा था। अरनीवाला के पास मुख्य मार्ग पर भारी ट्रैफिक होने के कारण वह सड़क पार करने के लिए किनारे पर अपनी बाइक रोककर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि करन बाइक समेत टैंकर के नीचे आ गया और टैंकर उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।
दो बच्चों का पिता था मृतक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय निवासियों व राहगीरों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल करन को उठाकर पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक करन अपने पीछे दो छोटे बच्चों और परिवार को छोड़ गया है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे गांव और परिवार में मातम का माहौल छा गया है।
केस दर्ज कर जांच की जा रही है घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
फाजिल्का में सड़क किनारे खड़े युवक को टैंकर ने कुचला:कोलतार प्लांट में मुंशी के रूप में कार्यरत था, दो बच्चों का पिता था मृतक
