![]()
नूंह जिले के बैसी गांव में बच्चों के झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे 23 साल के युवक की कथित पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान आकिल खान के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैसी निवासी अकबर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 सितंबर को गांव में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। जिसके बाद दोनों परिवारों में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान उनका बेटा आकिल मौके पर पहुंचा और झगड़ा शांत कराने की कोशिश करने लगा। बीच बचाव कराने गया था युवक शिकायत के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने आकिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उस पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किया गया। हमले में आकिल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे इलाज के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक, रोहतक में इलाज के दौरान 24 सितंबर को आकिल ने दम तोड़ दिया। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई की शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी हाथापाई की गई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुनफेद, साबिर, अख्तर, साकिब, अमजदी, शकीला, अनीसा, और सबीला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सदर थाना नूंह प्रभारी कुलदीप न बताया कि आरोपियों की खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नूंह में पिटाई से युवक की मौत:बच्चों के झगड़े में बचाव कराने गया, लाठी-डंडों से हमले का आरोप, 8 लोगों पर FIR
