Headlines

बंगाल में मुजफ्फरपुर के दो कारोबारियों की मौत:भूटान से लौटते समय 18 चक्के वाले ट्रेलर से सीधी भिड़ंत,गैस कटर से स्कॉर्पियो काट निकाला गया बॉडी




पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के मदारीहाट में एशियन हाईवे-48 पर मंगलवार को सड़क हादसे में मुजफ्फरपुर के दो कारोबारियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर नगर थाना क्षेत्र के दाता कंबल शाह मजार के रहने वाले 30 साल के अफरोज खान और माड़ीपुर के रहने वाले 35 साल के मोहम्मद जमीर खान (अशरफ आलम) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अफरोज और जमीर खान पुराने दोस्त थे और कारोबार के सिलसिले में बिहार से आना-जाना करते रहते थे। मंगलवार को ही वे अपनी स्कॉर्पियो से पश्चिम बंगाल और भूटान गए थे। रास्ते में उनकी स्कॉर्पियो की एक ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अफरोज और जमीर खान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और उनकी डेडबॉडी स्कॉर्पियो में बुरी तरह फंस गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव को निकाला गया। ओवरटेक करते वक्त 18 चक्का के ट्रेलर से स्कॉर्पियो की हुई सीधी भिड़ंत जानकारी के अनुसार, अफरोज खान अपने दोस्त जमीर खान को छोड़ने और व्यापार के काम से अपनी ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी से बंगाल गए थे। मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे उनकी गाड़ी मदारीहाट स्थित सरकारी आरा मिल के पास एशियन हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान किसी वाहन को ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे 18 चक्के वाले एक तेज रफ्तार ट्रेलर (ट्रक) से उनकी गाड़ी की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद ट्रेलर भी असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरा। आधे घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर से काटकर निकाले गए दोनों के शव हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने तत्काल मदारीहाट थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची। कार के अंदर बुरी तरह फंसे शवों को बाहर निकालने में पुलिस और राहत बचाव दल को भारी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग आधे घंटे के अथक प्रयास और गैस कटर की मदद से स्कॉर्पियो के दरवाजों व धातुओं को काटकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें औपचारिक रूप से मृत घोषित कर दिया। अफरोज नशा मुक्ति केंद्र का संचालन भी करते थे परिजनों ने बताया कि दोनों कारोबारी अपने काम के सिलसिले में अक्सर साथ आते-जाते थे और जल्द ही वापस लौटने वाले थे। मृतक अफरोज खान मुजफ्फरपुर में एक नशा मुक्ति केंद्र का संचालन करते थे और सामाजिक कार्यों में बेहद सक्रिय थे। वहीं, जमीर खान माड़ीपुर इलाके में एक नए होटल का निर्माण करवा रहे थे और भूटान में भी उनका व्यवसाय था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई और वे शवों को मुजफ्फरपुर लाने के लिए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के लिए रवाना हो चुके हैं। ट्रेलर का ड्राइवर और खलासी फरार, जांच में जुटी पुलिस दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रेलर का चालक और खलासी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। मदारीहाट थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक व खलासी की तलाश में छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *