![]()
बुलंदशहर में नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 से भाजपा सभासद चिराग अग्रवाल को सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर गाली देकर जान से मारने की धमकी दी गई है। बुधवार को नगर पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। नगर कोतवाली में मोहल्ला तुर्कमान सुनारो वाली गली निवासी सभासद चिराग अग्रवाल ने तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वह वार्ड संख्या 14 से भाजपा के निर्वाचित सभासद हैं। उनके सामने चुनाव हारने वाला विरोधी कमल पंडित उनसे पुरानी रंजिश रखता है। चिराग अग्रवाल का आरोप है कि पहले भी कमल पंडित ने वार्ड में लगे मुख्यमंत्री के नाम के लोकार्पण पट को दो बार तोड़ा था। पुलिस जांच में उसका हाथ सामने आया था और वह जमानत पर छूटा था। सभासद ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद भी विरोधी पक्ष लगातार उन्हें निशाना बना रहा है। पहले सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी से मनगढ़ंत आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। अब आरोपी ने अपने गुर्गों के जरिए ‘विक्रान्त ठाकुर विलेन नाम’ की आईडी से एक वीडियो तैयार करवाकर सोशल मीडिया पर फैलाया है। इस वीडियो में उन्हें खुलेआम गालियां दी जा रही हैं और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। चिराग अग्रवाल ने कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि इस मामले में कमल पंडित समेत अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बुलंदशहर में भाजपा सभासद को जान से मारने की धमकी:चुनावी रंजिश में विरोधी पर लगाया आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो डाला
