Headlines

बंद मकान में 21 मिनट में 80 लाख की चोरी:जानकीपुरम में रिटायर्ड शिक्षक के घर वारदात, ढाई लाख कैश भी ले गए




लखनऊ के जानकीपुरम के जानकी विहार में चोरों ने रिटायर्ड शिक्षक के बंद मकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने महज 21 मिनट में घर के ताले तोड़कर करीब 80 लाख रुपए के जेवर और ढाई लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना 29 जुलाई की रात की है। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार दो बदमाश घर में घुसते और बाहर निकलते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मूलरूप से सीतापुर के अटरिया गांव के रहने वाले रामनरेश शुक्ला जानकी विहार में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। 29 जुलाई को वह मकान में ताला लगाकर गांव चले गए थे। 5 अगस्त की सुबह करीब 9:30 बजे घर में काम करने वाली राधा ने फोन कर बताया कि मकान का ताला टूटा हुआ है। रामनरेश पत्नी और बेटे के साथ दोपहर में घर पहुंचे। मुख्य दरवाजे का अंदरूनी ताला और कमरों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर रखी दो लकड़ी और एक लोहे की अलमारी के सभी लॉकर भी टूटे हुए थे। जांच करने पर करीब 80 लाख रुपए के जेवर और ढाई लाख रुपए नकद गायब मिले। बाइक कुछ दूर खड़ी कर पैदल पहुंचे बदमाश पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में 29 जुलाई की रात करीब 1:51 बजे बाइक सवार दो युवक दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने बाइक घर से कुछ दूरी पर खड़ी की और पैदल पहुंचकर बाउंड्री फांदकर बारी-बारी से मकान में दाखिल हुए। करीब 21 मिनट बाद रात 2:10 बजे दोनों घर से बाहर निकलते दिखाई दिए। गुडंबा थाने के पास मिली बाइक इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है। बदमाशों की बाइक गुडंबा थाने के पास लावारिस हालत में मिली है। बाइक के नंबर की जांच में उसके इंदिरानगर निवासी एक व्यक्ति के नाम होने की जानकारी मिली है। पुलिस बाइक मालिक से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *