Headlines

33.480 किलो गांजा सप्लायर ओडिशा से गिरफ्तार:कोरियर कंपनी का मैनेजर; पार्सल के जरिए पानीपत भेजता था खेप




पानीपत जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने 33 किलो 480 ग्राम गांजा तस्करी के मामले में सप्लायर को ओडिशा के रायगड़ा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजीवा निवासी ललीता नगर जिला पूर्व गोदावरी आंध्र प्रदेश, हाल किरायेदार कस्तूरी नगर रायगड़ा ओडिशा के रूप में हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम ने 23 सितंबर को आरोपी सोनू निवासी देव नगर काबड़ी रोड को टीडीआई फ्लाईओवर के नजदीक गोल चक्कर के पास 33 किलो 480 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह नशा करने का आदी है। अपनी नशे की लत पूरी करने और शॉर्टकट तरीके से मोटे पैसे कमाने के लिए उसने उक्त गांजा कुछ दिन पहले ओडिशा के रायगड़ा निवासी संजीवा से कम कीमत पर खरीदना स्वीकार किया था। आरोपी सोनू के खिलाफ थाना सेक्टर 13/17 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सप्लायर की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। रायगड़ा कोर्ट से लिया 4 दिन का रिमांड इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पुलिस ने 30 सितंबर को आरोपी संजीवा को ओडिशा के रायगड़ा से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सोनू को गांजा बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को रायगड़ा स्थित न्यायालय में पेश कर 4 दिन के राहदारी रिमांड पर हासिल कर पानीपत लेकर आई। कोरियर कंपनी से भेजता था मादक पदार्थ पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह एक कोरियर कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम करता है। करीब 6 माह पहले एक युवक के माध्यम से उसकी पानीपत निवासी सोनू से जान-पहचान हुई थी। बाद में उसकी सोनू से वॉट्सऐप पर बातचीत होती रहती थी। युवक के साथ मिलीभगत कर वह कोरियर के माध्यम से अवैध रूप से मादक पदार्थ भेजता था। ₹3 हजार प्रति किलो के हिसाब से लेता था पार्सल इसके एवज में वह उससे अधिक पैसे लेता था। युवक ने कुछ दिन पहले गांजा की पैकिंग कर पार्सल बनाकर भेजा था। सोनू के कहने पर उसने वह पार्सल 3 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से पानीपत में उसके द्वारा दिए गए पते पर भेजा था। पुलिस ने शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी संजीवा को कोर्ट में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस ने नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपी की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *