Headlines

बटाला में मेडिकल स्टोर मालिक के घर फायरिंग:दुकान पर भी हुई थी कोशिश; 50 लाख की फिरौती मांगी, CCTV फुटेज सामने




पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों द्वारा एक नामी मेडिकल स्टोर मालिक के घर के बाहर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हैरान कर देने वाली बात यह है कि घर पर हुई इस वारदात से कुछ घंटे पहले ही बदमाशों ने पीड़ित की दुकान पर भी फायरिंग करने की कोशिश की थी, लेकिन वहां तैनात सुरक्षाकर्मी की मुस्तैदी के कारण उनके मंसूबे नाकाम हो गए थे। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिन में दुकान पर नाकाम कोशिश, रात को घर को बनाया निशाना मिली जानकारी के अनुसार, कल दोपहर के समय एक नामी गैंगस्टर के गुर्गे बटाला निवासी संदीप शर्मा के मेडिकल स्टोर पर गोलीबारी करने के इरादे से पहुंचे थे। हालांकि, दुकान पर पंजाब पुलिस का सुरक्षाकर्मी तैनात था। सुरक्षाकर्मी की सतर्कता को देखते हुए हमलावर फायरिंग करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए और मौके से भाग खड़े हुए। इस नाकामी के बाद आरोपियों ने हार नहीं मानी और शाम के समय संदीप शर्मा के घर की रेकी की। देर रात मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात नकाबपोश युवकों ने संदीप शर्मा के घर के बाहर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज अब सोशल मीडिया पर भी सामने आई है। विदेशी नंबरों से आ रही धमकियां, परिवार में खौफ का माहौल पीड़ित मेडिकल स्टोर मालिक संदीप शर्मा ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि पिछले लगभग आठ महीनों से उनका पूरा परिवार बेहद खौफ और दहशत के साए में जी रहा है। गैंगस्टरों के डर से वे पिछले कई महीनों से अपने कारोबार पर भी नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनका व्यवसाय ठप होने की कगार पर है। यही नहीं, इस माहौल के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। संदीप शर्मा के मुताबिक, उन्हें लगातार विदेशी नंबरों से फोन और मैसेज के जरिए धमकियां मिल रही हैं। रंगदारी के तौर पर उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है और रकम न देने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी घटना की सूचना मिलते ही बटाला पुलिस के डीएसपी तेजिंदरपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी तेजिंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों के सुराग तलाशने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, स्थानीय व्यापारियों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *