![]()
बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र के गौरामई गांव में शनिवार रात गंगाजल लेने की तैयारी कर रहे लोगों की खुशी अचानक मातम में बदल गई। गांव से कछला गंगा घाट जाने के लिए सजाई गई ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही आगे बढ़ी, ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार से उसका लाउडस्पीकर छू गया। तार के संपर्क में आते ही पूरी ट्रॉली में करंट दौड़ गया। हादसे में 20 वर्षीय रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात बच्चे झुलस गए। बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है। परिजनों के मुताबिक गांव के लोग कछला गंगा घाट से गंगाजल लेने के बाद शाहजहांपुर के पटना देवकली मंदिर में जलाभिषेक करने की तैयारी में थे। इसी के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को डीजे और लाउडस्पीकर से सजाया गया था। मृतक के ममेरे भाई रवि ने बताया कि रात में सभी लोग यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे थे। ट्रॉली में बच्चे भी सवार थे। गांव से निकलते ही ट्रॉली पर लगा लाउडस्पीकर ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। चंद सेकेंड में ही करंट पूरी ट्रॉली में फैल गया। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वहां चीख-पुकार मच गई। तार छूते ही ट्रॉली में फैला करंट, रोहित की मौके पर मौत हादसे में गौरामई निवासी रोहित कुमार (20) करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉली में मौजूद सात बच्चे भी झुलस गए। हादसे में विपेंद्र (14), अंशु दिवाकर (12), बृजेश (13), प्रशांत (14), तेजवीर (8), सौरभ (6) और दमेश (8) घायल हुए हैं। हादसे के बाद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायलों को किसी तरह ट्रॉली से बाहर निकाला। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, बच्चों को अस्पताल पहुंचाया करंट लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और झुलसे बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी बच्चों का इलाज शुरू किया। परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि अचानक हुए इस हादसे से बच्चों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल है। जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोग धार्मिक यात्रा पर निकलने वाले थे, उसी में कुछ देर बाद चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच शुरू; युवक कांवड़िया नहीं था घटना की जानकारी मिलते ही कादरचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रोहित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है और सात बच्चे घायल हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मृतक रोहित कांवड़िया नहीं था। हादसे की सूचना से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का कहना है कि जिस यात्रा के लिए सभी लोग उत्साह से तैयारी कर रहे थे, वह कुछ ही पल में परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई।
Source link
बदायूं में करंट लगने से कांवड़िए की मौत, VIDEO:डीजे का स्पीकर बिजली के तार से छूते ही चपेट में आए, 7 बच्चे झुलसे
