![]()
बरनाला में पंजाब सरकार के खिलाफ कर्मचारियों और पेंशनरों का रोष शनिवार को सड़कों पर दिखाई दिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान के 27 अगस्त को सांझी तालमेल कमेटी के साथ प्रस्तावित बैठक से हटने और सरकार के कथित अड़ियल रवैये के विरोध में कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीसी कॉम्प्लेक्स में पंजाब सरकार का पुतला फूंका। प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर सांझी तालमेल कमेटी बरनाला के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने विभिन्न विभागों व शैक्षणिक संस्थानों के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के ट्वीट, गैरहाजिर कर्मचारियों को जारी कारण बताओ नोटिस और कथित धमकियों की प्रतियां जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। यूनियन नेता बोले- समाधान नहीं होने पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा इसके बाद बड़ी संख्या में कर्मचारी डीसी कॉम्प्लेक्स पहुंचे और वहां से शहर के मुख्य चौक तक रोष मार्च निकाला। नेताओं ने कहा कि कर्मचारी सरकार की धमकियों और अनुशासनात्मक कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लंबित मांगों का समाधान करने के बजाय चेतावनियों और नोटिस के जरिए कर्मचारियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती कर्मचारियों पर लागू केंद्रीय वेतनमान खत्म करना, पुरानी पेंशन बहाल करना, 18 प्रतिशत लंबित डीए जारी करना, 37 बंद भत्ते बहाल करना और छठे वेतन आयोग की पूरी रिपोर्ट लागू करना शामिल है। इसके अलावा कच्चे कर्मचारियों और विभिन्न श्रेणियों के अध्यापकों को पक्का करने तथा 4161 मास्टर कैडर और 6635 ईटीटी समेत अन्य शिक्षकों को जारी टर्मिनेशन नोटिस रद्द करने की मांग भी की गई। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 अगस्त को लुधियाना में होने वाली प्रांतीय तालमेल कमेटी की बैठक में आगामी आंदोलन को लेकर कड़े फैसले लिए जा सकते हैं, जिन्हें बरनाला में पूरी एकजुटता के साथ लागू किया जाएगा।
Source link
बरनाला में कर्मचारियों ने फूंका पंजाब सरकार का पुतला:बोले- धमकियों से नहीं डरेंगे, 30 अगस्त की बैठक में लेंगे कड़ा फैसला
