शिवपुरी में ठेके के बाहर शराबियों पर डंडे बरसाते निहंग और वहां से भागते लोग।
लुधियाना में शराब के ठेकों के बाहर खुलेआम शराब पी रहे लोगों पर निहंगों ने डंडे बरसा दिए। निहंग कुलदीप सिंह खालसा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे लोगों को खदेड़ने लगे।
.
इस दौरान कुछ लोगों की डंडों से पिटाई भी की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें निहंगों को देखकर शराबी भागते दिख रहे हैं। निहंगों का कहना है कि शाम होते ही ठेकों के बाहर सड़क पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं और राहगीरों को परेशानी होती है। ये लोग युवतियों पर भी आपत्तिजनक कमेंट करते हैं।
कुलदीप सिंह खालसा का कहना है कि ठेकेदार भी कमाई के चक्कर में नियमों को ताक पर रखकर सरेआम शराब पिला रहे हैं। ठेके के बाहर ही लोग गिलास लेकर बैठे रहे। शहर के अधिकांश ठेकों पर रोजाना यही नजारा देखने को मिलता है।
घटना से जुड़े 2 PHOTOS…
निहंगों को देखते ही भागने लगे शराबी

निहंगों ने शराबियों की डंडे से की पिटाई

निहंगों ने शराबियों को क्यों खदेड़ा, 4 पॉइंट्स में जानिए…
- सड़क घेरकर महफिल जमाते: दरअसल, लुधियाना के शिवपुरी में शाम के वक्त फैक्ट्रियों और दफ्तरों से छुट्टी होते ही ठेकों पर भारी भीड़ जुट जाती है। चार-चार लोग मिलकर बोतल खरीदते हैं और फुटपाथ या सड़क किनारे बैठकर शराब पीने लगते हैं। इससे पूरी सड़क जाम हो जाती है और वाहनों का निकलना कठिन हो जाता है।
- महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा: देर रात तक सड़क पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले शराबी महिलाओं और बच्चों पर कमेंट करते हैं और आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करते हैं। तंग आकर स्थानीय लोगों ने निहंगों से संपर्क किया और इन लोगों को यहां से हटना की अपील की।
- पुलिस की लापरवाही: शहर के लोगों का आरोप है कि पुलिस की पीसीआर गाड़ियां ठेकों के सामने से गुजरती हैं, लेकिन न तो वे खुले में पी रहे शराबियों को टोकती हैं और न ही नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई करती हैं।
- ठेकेदारों की दबंगई से खौफ: आम लोगों का कहना है कि जब वे खुले में शराब पीने का विरोध करते हैं, तो ठेकेदार और उनके करिंदे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पुलिस में शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती, उल्टे ठेकेदार शिकायतकर्ताओं को धमकाते हैं। इसी वजह से जनता को निहंगों से मदद मांगनी पड़ी।

निहंगों को देख शराब पीने वाले गिलास और बोतल वहीं छोड़कर भाग निकले।
क्या कहते हैं निहंग कुलदीप सिंह खालसा, जानिए…
- पूरे शहर में चलेगी मुहिम: निहंग कुलदीप सिंह खालसा ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की ढिलाई को देखते हुए उन्होंने शिवपुरी से इस अभियान की शुरुआत की है और अब पूरे लुधियाना में खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
- ठेकेदारों को सख्त चेतावनी: उन्होंने कहा कि ठेकेदार सिर्फ अपने मुनाफे के लिए कानून की धज्जियां उड़वा रहे हैं। ठेकेदारों को चेतावनी दी गई है कि अगर उन्होंने दुकानों के बाहर खुले में शराब पिलवाना बंद नहीं किया, तो उनके खिलाफ भी कड़ा कदम उठाया जाएगा।
- सुधर जाएं, वरना ‘सौदा’ लगाएंगे: निहंग कुलदीप सिंह खालसा ने चेतावनी देते हुए कहा कि हुड़दंगी और ठेकेदार अपनी हरकतों से बाज आएं। अगर वे नहीं सुधरे, तो निहंग फौज अपने पारंपरिक तरीके से सबक सिखाएगी, चाहे इसके लिए डंडों का इस्तेमाल करना पड़े या सख्त रुख अपनाना पड़े।

पुलिस करे कार्रवाई, नहीं तो हम संभालेंगे मोर्चा
निहंग कुलदीप सिंह ने प्रशासन से अपील की कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। यदि पुलिस ऐसे ठेकों और शराबियों पर अंकुश नहीं लगाती, तो निहंग फौज खुद अपने स्तर पर कार्रवाई करेगी।
——————————-
लुधियाना में लुटेरे से भिड़ गए BJP नेता,VIDEO:उसके हाथ से पिस्टल छीना, धक्का देकर ATM से बाहर निकाला; डेढ़ लाख जमा कर रहे थे

लुधियाना के साहनेवाल में ATM के अंदर BJP नेता पर पिस्टल तानकर डेढ़ लाख रुपए लूटने की कोशिश की गई। नेता ने विरोध करते हुए आरोपी की पिस्टल पकड़ ली और उसे धक्का देकर ATM से बाहर निकाल दिया। पूरी खबर पढ़ें…
