![]()
धार जिले के सरदारपुर में सोमवार देर रात सूरत से कानपुर जा रही यात्री बस में अचानक आग लग गई। भोपावर चौकी के पास करीब रात 1 बजे बस से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। जान बचाने के लिए यात्रियों ने मुख्य दरवाजे के साथ खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकले। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि बस में रखा नकदी, कपड़े और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। बस क्रमांक UP 83 BT 3947 गुजरात के सूरत समेत आसपास के शहरों से यात्रियों को लेकर उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही थी। भोपावर चौकी के पास अचानक बस के अंदर धुआं भरने लगा। यात्रियों को कुछ समझ आता, इससे पहले आग तेजी से फैलने लगी। कई यात्री मुख्य दरवाजे से बाहर निकल गए। पीछे बैठे यात्रियों ने खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर छलांग लगाई। इसी दौरान कुछ लोगों को चोटें आईं। आग बढ़ने के बाद ड्राइवर बस को सड़क पर छोड़कर वहां से चला गया। दमकल पहुंची, तब तक पूरी तरह जल चुकी थी बस
घटना की सूचना मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोककर वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला। दमकल की टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। दाहोद के पास कराई गई थी तकनीकी मरम्मत
यात्रियों ने बताया कि बस को दाहोद के पास एक होटल पर करीब चार घंटे तक रोका गया था। इस दौरान बस में कुछ तकनीकी मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद वाहन को आगे के सफर के लिए रवाना किया गया और कुछ समय बाद ही उसमें आग लग गई। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। बेटे को खिड़की से बाहर निकाला, फिर खुद बचाई जान
हादसे के दौरान कानपुर निवासी नीलम पाल अपने 8 वर्षीय बेटे के साथ सफर कर रही थीं। बस के अंदर धुआं भरने पर उन्होंने पहले अपने बेटे को खिड़की से बाहर निकाला और इसके बाद खुद भी उसी रास्ते से बाहर निकलकर जान बचाई। इस दौरान उनका बैग, उसमें रखी नकदी, चांदी की पायजेब और कपड़े आग में जल गए। अन्य यात्रियों का सामान भी आग की चपेट में आ गया। यात्रियों को दूसरी बसों से भेजा गया
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों की मदद की। इंदौर की ओर जाने वाली अन्य यात्री बसों को रुकवाकर यात्रियों को उनकी जरूरत और गंतव्य के अनुसार अलग-अलग बसों में बैठाकर आगे रवाना किया गया। पुलिस अब आग लगने की वजह का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
Source link
बस में लगी आग, खिड़की तोड़कर बाहर निकले यात्री:सूरत से कानपुर जा रही थी; धार में आधी रात हादसा, सामान-नकदी जलकर राख
