Headlines

बांका में रोड किनारे व्यक्ति का शव मिला:पुराने घर में सोने के लिए निकला था, परिजनों को रूम में नहीं मिला




बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के गोरिअम्बा गांव में सोमवार को एक नेत्रहीन व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान गोरिअम्बा गांव निवासी लूटन यादव (43) के रूप में हुई है। परिजनों ने गले में गमछा मिलने के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। जानकारी के अनुसार, लूटन यादव रविवार रात अपने नए घर में खाना खाने के बाद पुराने घर में सोने के लिए निकले थे। परिजनों को लगा कि वह पुराने घर में सो गए होंगे। सोमवार सुबह जब परिजनों ने पुराने घर में जाकर देखा तो लूटन वहां नहीं मिले। इसके बाद उनकी आसपास खोजबीन शुरू की गई, तभी रास्ते में उनका शव पड़ा मिला। फोरेंसिक टीम ने क्राइम सीन तैयार किया घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सहित पुलिस बल मौजूद थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का क्राइम सीन तैयार कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, मृतक के गले में गमछा लगा हुआ था, लेकिन गले पर गला घोंटने या दबाव पड़ने का कोई स्पष्ट निशान नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की हर एंगल से जांच कर रही पुलिस बेलहर एसडीपीओ रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। उनके गले में गमछा लगा हुआ था, लेकिन गले पर कोई स्पष्ट निशान नहीं पाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *