Headlines

बांदा में सुबह से बारिश, कई इलाकों में जलभराव:केन और यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने का खतरा




बांदा जिले में गुरुवार सुबह करीब छह बजे से लगातार बारिश हो रही है। इस कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के लोहिया पुल, बंगालीपुरा, डीएम कॉलोनी, महिला थाना और महिला थाना कॉलोनी जैसे कई स्थानों पर बारिश का पानी जमा हो गया है। सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को विशेष दिक्कतें आ रही हैं। इससे जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सुबह से जारी बारिश के कारण शहर का मौसम पूरी तरह बदल गया है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त को बुंदेलखंड के बांदा सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि थोड़ी देर की तेज बारिश के बाद ही कई सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। यदि बारिश का यह सिलसिला जारी रहा, तो अन्य निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति गंभीर हो सकती है। प्रशासन और नगर पालिका के सामने जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की चुनौती है। फिलहाल बांदा में बारिश का दौर जारी है। लोगों की नजर अब इस बात पर है कि बारिश कितनी देर तक चलती है और इसका असर शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों के साथ-साथ केन और यमुना नदी के जलस्तर पर कितना पड़ता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *