![]()
सीहोर के इछावर तहसील के ग्राम झरखेड़ा के ग्रामीणों ने उचित मूल्य दुकान से राशन नहीं मिलने और वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने विंध्याचल स्व सहायता समूह ललियाखेड़ी द्वारा संचालित दुकान के जिम्मेदारों पर गरीब परिवारों के राशन में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब छह महीनों से उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। आरोप है कि दुकान संचालक गरीब और अनपढ़ उपभोक्ताओं से उनके घर पर ही बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगवा लेते हैं। इसके बाद पात्रता पर्ची के आधार पर राशन निकाल लिया जाता है, लेकिन उपभोक्ताओं को खाद्यान्न नहीं दिया जाता। शिकायतकर्ताओं ने दुकान संचालकों पर राशन की कथित कालाबाजारी और वित्तीय अनियमितताओं का भी आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक दुकान भी नियमित रूप से नहीं खुलती, जिसके कारण पात्र हितग्राही अपना राशन लेने के लिए परेशान होते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से राशन नहीं मिलने के कारण गरीब परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है। उन्होंने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने दिए राशन वितरण के विकल्प ग्रामीणों ने मांग की है कि झरखेड़ा में ही महीने में कम से कम एक दिन उचित मूल्य दुकान खोलकर राशन वितरण कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने आर्या उचित मूल्य दुकान से राशन उपलब्ध कराने की वैकल्पिक व्यवस्था करने का सुझाव भी दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पात्र परिवारों को समय पर खाद्यान्न मिल सकेगा और उन्हें राशन के लिए बार-बार भटकना नहीं पड़ेगा। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Source link
सीहोर में 6 महीने से राशन नहीं मिलने का आरोप:ग्रामीण बोले- अंगूठा लगवाकर अनाज गायब, SDM से शिकायत
