Headlines

बिलासपुर के नयनादेवी में श्रद्धालुओं की गाड़ी लुढ़की:पंजाब लौट रहे थे, सड़क के टूटे हिस्से से बेकाबू होकर गहरी खाई में उतरी कार




हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री नयनादेवी में रविवार को एक भयानक हादसा होने से टल गया। पंजाब से माता के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि इस दर्दनाक हादसे में किसी भी श्रद्धालु की जान नहीं गई और बड़ा नुकसान होने से बच गया। कार में सवार श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा ‘बड़े मोड़’ के पास पेश आया। श्रद्धालु दर्शन के बाद पंजाब वापस लौट रहे थे। जब गाड़ी बड़े मोड़ के पास सड़क के टूटे हुए हिस्से से गुजरी, तो चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और इनोवा अनियंत्रित होकर सीधी खाई में लुढ़क गई। गाड़ी ढलान पर काफी नीचे तक लुढ़कती चली गई, जिससे इनोवा कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस, क्रेन की मदद से निकाली गई गाड़ी हादसा होते ही आसपास मौजूद स्थानीय निवासियों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर गाड़ी में फँसे करीब 5 से 6 श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में घटना की सूचना देकर क्रेन बुलवाई गई और कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी को खाई से खींचकर सड़क पर लाया गया। श्रावण मेले के बीच सड़क की बदहाली से रोष, मरम्मत की मांग घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पर सड़क का एक हिस्सा लंबे समय से टूटा हुआ है, जिससे यहाँ हर वक्त हादसों का खतरा बना रहता है। वर्तमान में पवित्र श्रावण मास के चलते रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु श्री नयनादेवी पहुँच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने प्रशासन से माँग की है कि इस टूटी सड़क की तुरंत मरम्मत करवाई जाए ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *