![]()
बिलासपुर जिले के शाहतलाई क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बिलासपुर से एक विशेषज्ञ फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब वारदात से पहले के घटनाक्रम और मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। यह घटना बुधवार शाम ग्राम पंचायत बलोह के फगोग गांव में हुई। संगासवीं निवासी धर्मेंद्र कुमार (42) और जोहड़ निवासी अनूप कुमार के बीच बुधवार शाम फगोग गांव में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। यह बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान धर्मेंद्र कुमार अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरठीं ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तलाई थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के मुख्य आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार सुबह डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम घटनास्थल पर पहुंची। बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और धर्मेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी धीमान ने कहा कि फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बिलासपुर में मामूली बात पर मारपीट, एक की मौत:झगड़े के दौरान अचानक गिरा, अस्पताल ले जाने तक दम तोड़ा, आरोपी गिरफ्तार
