बीपीएल भूमिहीन को 3 हजार का बिजली बिल:अधिकारियों से की जांच की मांग, जंतर-मंतर जाने की चेतावनी दी




हनुमानगढ़ के टिब्बी तहसील स्थित सालीवाला गांव निवासी बीपीएल भूमिहीन राजेंद्र लगातार दूसरी बार अपनी समस्या लेकर जिला प्रशासन के पास पहुंचे। उन्होंने हाथ में करीब तीन हजार रुपए का बिजली बिल दिखाते हुए अधिकारियों से इसकी जांच और राहत की मांग की। राजेंद्र ने बताया कि पिछले महीने भी उन्हें लगभग तीन हजार रुपए का बिजली बिल मिला था, जिसे उन्होंने किसी तरह जमा किया था। इस महीने फिर इतनी ही राशि का बिल आने से उनके परिवार की चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि उनके परिवार की वास्तविक बिजली खपत इतनी नहीं है कि हर माह इतना बड़ा बिल आए। राजेंद्र एक बीपीएल परिवार से हैं और भूमिहीन होने के कारण उनके पास आय का कोई स्थायी साधन नहीं है। वे परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दूसरों के घरों में काम करते हैं। इसी आय से बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलता है। उनके लिए तीन हजार रुपए का बिजली बिल एक बड़ी रकम है, जो उनके पूरे महीने के घरेलू बजट पर भारी पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों से बिल की जांच कर वास्तविक खपत के अनुसार बिल जारी करने का आग्रह किया। राजेंद्र ने बताया कि वे इस संबंध में पहले भी जिला कलेक्टर को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मंगलवार को उन्होंने दोबारा प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने आरक्षण व्यवस्था और गरीबों की अनदेखी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे जंतर-मंतर जाकर व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएंगे और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *