![]()
लुधियाना के इस्लाम गंज इलाके में एक निजी डॉक्टर की कथित लापरवाही के चलते 42 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला मामूली ब्लड प्रेशर (बीपी) की शिकायत लेकर क्लिनिक गई थी। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना किसी जांच के सीधा इंजेक्शन लगा दिया, जिससे कुछ ही पलों में महिला के मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी जान चली गई। घटना के विरोध में रविवार शाम परिजनों और इलाका निवासियों ने डॉक्टर के घर के बाहर जमकर धरना-प्रदर्शन किया। पति राजू गिल का आरोप- बिना जांच किए लगा दिया इंजेक्शन मृतका की पहचान खुई वाली गली, इस्लाम गंज निवासी 42 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। मृतका के पति राजू गिल ने बताया कि शुक्रवार रात रजनी को थोड़ी घबराहट (बीपी की समस्या) महसूस हुई थी। वह उसे इलाज के लिए घर के पास ही मौजूद एक निजी डॉक्टर के क्लिनिक लेकर गए। राजू गिल ने रोते हुए बताया कि डॉक्टर ने उनकी पत्नी की कोई जांच नहीं की और सीधा एक इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही रजनी के मुंह से हरे रंग की झाग निकलने लगी। जब परिजनों ने डॉक्टर से पूछा कि यह क्या हो रहा है, तो डॉक्टर घबरा गया और कहने लगा कि इन्हें तुरंत बड़े अस्पताल ले जाओ। राजू के अनुसार, क्लिनिक में कोई सुविधा नहीं थी और डॉक्टर ने एंबुलेंस बुलाने से भी साफ मना कर दिया। इसके बाद परिजन अपने दोस्तों की मदद से रजनी को एक्टिवा (स्कूटर) पर लादकर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंसाफ के लिए सड़क पर उतरा परिवार,4 घंटे चला धरना डॉक्टर की इस घोर लापरवाही और एक बच्ची के सिर से मां का साया उठ जाने से आक्रोशित परिजनों ने रविवार शाम मोहल्ला न्यू हरगोबिंद नगर स्थित आरोपी डॉक्टर के घर के बाहर धरना लगा दिया। इस प्रदर्शन में भारतीय बाल्मीकि धर्म समाज की जिला प्रधान नेहा भी अपने सहयोगियों के साथ शामिल हुईं। नेहा और पीड़ित परिवार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे घर के बाहर से नहीं उठेंगे। प्रदर्शनकारी डॉक्टर की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे थे। मामले में पुलिस की कार्रवाई धरने की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 के ड्यूटी अफसर एएसआई जसपाल सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरअसल, यह इलाका थाना डिवीजन नंबर-3 में आता है, जबकि मौत का मामला डिवीजन नंबर-2 का था, जिस कारण पुलिस को पहुंचने में थोड़ी देरी हुई। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब 4 घंटे बाद यह प्रदर्शन समाप्त हुआ। थाना डिवीजन नंबर-2 के प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। सोमवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी डॉक्टर को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बीपी का इलाज कराने गई महिला की मौत:परिजनों का आरोप- बिना जांच लगाए इंजेक्शन से गई जान,आरोपी पर मामला दर्ज
