![]()
बेमेतरा जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और बेरला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 16 किलो 180 ग्राम गांजा, एक कार, 13 हजार रुपए नकद और तीन टचस्क्रीन मोबाइल जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 68 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार CG04HX6717 में गांजा छिपाकर महासमुंद जिले के पिथौरा से बेरला की ओर ले जाया जा रहा है। तस्करी के लिए सिमगा, सोमनाथ, जमघट और चेटवा के रास्ते का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्राम जमघट में खारून नदी के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। आरोपियों से पूछताछ में सप्लायर का नाम आया सामने कार में गांजा ले जा रहे सूरज कुमार साहू (34) और साहिल साहू (21), दोनों निवासी खर्रा, थाना बेरला, को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने गांजा महासमुंद जिले के साकरा थाना क्षेत्र के ग्राम सलडी निवासी युधिष्ठिर बहेरा (24) से खरीदकर लाना बताया। इसके बाद पुलिस ने युधिष्ठिर बहेरा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने गांजा बेचने की बात स्वीकार की है। 7.68 लाख रुपए की सामग्री जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 95 हजार रुपए कीमत का 16 किलो 180 ग्राम गांजा, 5 लाख रुपए की कार, 13 हजार रुपए नकद और करीब 60 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 68 हजार रुपए आंकी गई है। NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा और बेरला थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार साहू सहित साइबर सेल और थाना बेरला की संयुक्त टीम शामिल रही।
Source link
बेमेतरा में 16 किलो गांजा के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार:कार समेत 7.68 लाख का सामान जब्त, पिथौरा से ला रहे थे खेप
