![]()
शहर के व्यस्त बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली मीटर में आग लग गई। इस घटना से भवन में अफरातफरी मच गई। मीटर से तेजी से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे वहां रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर सभी निवासी अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके ठीक बगल में एक जेनरेटर रूम स्थित है। यदि आग वहां तक फैल जाती, तो एक बड़ा विस्फोट या गंभीर हादसा हो सकता था। दमकल कर्मियों की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग बुझाने में आसपास के लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शांति भवन के बगल में स्थित मधुलिका एन्क्लेव के निवासियों ने अपने परिसर में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र लाकर आग बुझाने में मदद की। हालांकि, शांति भवन के निवासियों ने आरोप लगाया कि उनकी बिल्डिंग में अग्निशमन यंत्र सहित कोई भी आवश्यक अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं है। उनका कहना था कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुंचती, तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच कराने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source link
बैंक मोड़ शांति भवन में बिजली मीटर में भीषण आग:दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा, शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
