![]()
मंडी नगर निगम के वार्ड नंबर-14 ‘बैहना’ के ग्रामीणों ने एक बार फिर अपनी पुरानी और प्रमुख मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। रविवार को बैहना गांव के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि बैहना को जल्द ही नगर निगम के दायरे से बाहर कर पुनः पंचायत का दर्जा बहाल नहीं किया गया, तो वे भविष्य में होने वाले तमाम नगर निगम चुनावों का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्रामीणों ने बताया कि नगर निगम चुनाव से पहले भी उन्होंने इस समस्या को लेकर पूर्व मंत्री से मुलाकात की थी। उस समय प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण उन्हें यह आश्वासन दिया गया था कि चुनाव संपन्न होने के बाद बैहना को निगम से बाहर कर वापस पंचायत में शामिल करवा दिया जाएगा। हालांकि, लंबा समय बीत जाने के बाद भी अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि वे शुरू से ही बैहना को नगर निगम में शामिल करने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने हमें यह कहकर आश्वस्त किया था कि नगर निगम का गठन होने के बाद मर्ज (शामिल) किए गए ग्रामीण क्षेत्रों को आवश्यकतानुसार बाद में बाहर कर दिया जाएगा। लेकिन यह वादा सिर्फ कागजी साबित हुआ। इसी वायदाखिलाफी के विरोध में हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में भी बैहना वार्ड के मतदाताओं ने एक मत होकर मतदान का पूरी तरह बहिष्कार किया था। पूर्व मंत्री ने दिया मुख्यमंत्री से मुलाकात का भरोसा ग्रामीणों की पूरी बात सुनने के बाद पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि वह बैहना के लोगों की भावनाओं और समस्याओं से पूरी तरह वाकिफ हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलने का समय लेंगे और बैहना के ग्रामीणों की इस जायज मांग को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से रखेंगे। उन्होंने अपनी तरफ से इस जटिल समस्या का जल्द से जल्द सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास करने का भी वादा किया। प्रतिनिधिमंडल में भारी संख्या में जुटे ग्रामीण इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक नेता और ग्रामीण भारी संख्या में मौजूद रहे। मौके पर लेखराज राणा, शिव सिंह चंदेल, मीरा रावत, देवराज वर्मा, नरेश भारद्वाज, धनदेव, श्याम लाल, नेत्र सिंह, मुन्नी लाल, प्रताप सिंह, सोहन सिंह, कृष्ण, चंद्रमणी, खेम सिंह, रूप सिंह, जयचंद, कुशमा, रेखा, सिद्धुराम, कन्हैया लाल, रूप लाल, परमानंद, टेक चंद और तारा चंद सहित करीब 60 से 70 ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में अपनी बात दोहराते हुए कहा कि जब तक बैहना को दोबारा पंचायत घोषित नहीं किया जाता, तब तक उनका यह आंदोलन और चुनाव बहिष्कार का सिलसिला अनवरत जारी रहेगा।
Source link
बैहना के ग्रामीणों ने फिर उठाई पंचायत बहाली की मांग:न होने पर नगर निगम चुनाव का बहिष्कार करने की दी चेतावनी, पंचायत कर लिया फैसला
