Headlines

बोचहां में किसान महासभा ने फूंका पुतला:मुजफ्फरपुर में सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन




मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड स्थित न्यू मार्केट चौक पर 9 अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार शाम किसान महासभा की बोचहां इकाई ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताने के लिए किया गया। इससे पहले, किसान महासभा के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता बोचहां माले प्रखंड कार्यालय से झंडा, बैनर और पुतला लेकर जुलूस के रूप में निकले। यह जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए न्यू मार्केट चौक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने नुक्कड़ सभा आयोजित की और उसके बाद प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। सभा की अध्यक्षता किसान महासभा के राज्य परिषद सदस्य बिंदेश्वर साह ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के विपरीत नीतियां लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक ओर अमेरिका के साथ कृषि व्यापार समझौते कर रही है, वहीं बिहार में भाजपा सरकार पर किसानों की जमीन अधिग्रहण कर कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने की तैयारी का आरोप लगाया। माले प्रखंड सचिव राम बालक सहनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। हालांकि, किसानों को अब तक सी2 प्लस 50 प्रतिशत फॉर्मूले के आधार पर एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं मिल पाई है। उन्होंने सरकार से किसानों के तमाम कर्ज माफ करने की मांग भी की। प्रदर्शन के दौरान किसान महासभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस में इंद्रजीत कुमार बबलू, लक्ष्मी मंडल, मंजू देवी, रामनाथ शाह, अविनाश शाही, राम इकबाल ठाकुर, विक्रम साहनी, शत्रुघ्न सिंह, उदय सिंह, बृजलाल सहनी, नंदलाल पासवान, अजय कुमार, मोहम्मद नूर हसन, विनोद शाह और मोहन राम सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *