Headlines

भदोही में 50 चेकिंग पॉइंट पर पुलिस की सख्ती:1,288 वाहनों की जांच; 298 का चालान, एक वाहन सीज




श्रावण मास को देखते हुए भदोही पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनाए गए 50 चेकिंग पॉइंट पर दूसरे दिन 1,288 वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 298 वाहन चालकों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज भी किया गया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, शराब या अन्य मादक पदार्थ के सेवन के बाद ड्राइविंग करने और बिना नंबर प्लेट या त्रुटिपूर्ण नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन यक्ष ऐप के माध्यम से किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनाई जा सके। अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने क्षेत्राधिकारी औराई राजीव कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक औराई के साथ औराई चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग कराई। इस दौरान सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को भी हटवाया गया। वहीं, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने ज्ञानपुर कस्बे में अभियान का नेतृत्व किया। जिले के सभी 50 चेकिंग पॉइंट पर थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। बिना हेलमेट और नशे में ड्राइविंग पर कार्रवाई पुलिस ने अभियान के दौरान तीन सवारी और बिना हेलमेट वाहन चलाने के 139 चालान किए। शराब या मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने वाले 28 चालकों पर कार्रवाई की गई। बिना नंबर प्लेट या नियमों के विपरीत नंबर प्लेट वाले 18 वाहनों का चालान किया गया। यक्ष ऐप के माध्यम से 25 संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन भी किया गया। एक दिन में 298 चालान, एक वाहन सीज अभियान के दूसरे दिन कुल 1,288 वाहनों की जांच की गई। इनमें 298 वाहनों का चालान (ई-चालान सहित) किया गया, जबकि नियमों के गंभीर उल्लंघन पर एक वाहन को सीज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान श्रावण मास के दौरान लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों से नियमों के पालन की अपील भदोही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न बैठाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *