![]()
खरगोन के मूसेखा रोड पर मंगलवार रात करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। इस घटना के बाद गौरक्षकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। रात करीब 9 बजे बाद गुरुनानक चौराहे पर जेसीबी की मदद से गाय का शव सड़क पर रखकर बिजली कंपनी की कथित लापरवाही के खिलाफ धरना शुरू कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई, जिससे सड़क पर चक्काजाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने तुरंत बैरिकेडिंग कर यातायात को अन्य मार्गों पर डायवर्ट किया। सूचना मिलते ही एसडीएम सत्येंद्र बैरवा, कोतवाली टीआई बी.एल. मंडलोई समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। गौरक्षक दोषी कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल लिखित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। वहीं, बिजली कंपनी के अधिकारियों ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। गौरक्षक समिति अध्यक्ष सतीश राठौर ने बताया कि 23 जून को मांगरूल रोड पर भी करंट लगने से एक नंदी की मौत हुई थी, लेकिन उस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। राठौर ने आरोप लगाया कि 12 दिन के भीतर करंट से पशु की मौत की यह दूसरी घटना है, जो बिजली कंपनी की घोर लापरवाही को दर्शाती है। इस संबंध में कार्यपालन यंत्री सौरभ साहू ने कहा कि मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले मामले की जांच रिपोर्ट दो दिन में मिलने के बाद नियमानुसार जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
Source link
करंट से गाय की मौत पर सड़क पर उतरे गौरक्षक:खरगोन में शव रखकर चक्काजाम; बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप
