![]()
मध्यप्रदेश के रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा- आंदोलन हो रहा है एथेनॉल नहीं चलेगा। शुद्ध पैट्रोल चलेगा। शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा। रीवा सांसद ने एयरपोर्ट पर एक कार्यक्रम में यह बातें कहीं। उन्होंने आगे कहा कि देश में केवल 20% तेल का उत्पादन होता है। जबकि करीब 80 % तेल बाहर से मंगाना पड़ता है। भाजपा सांसद ने कहा कि युद्ध के बाद तेल की आपूर्ति के लिए अब करीब 18 हजार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जब पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिलाने की बात करते हैं तो कुछ लोग इसके विरोध में आंदोलन करने लगते हैं। दरअसल, सांसद जनार्दन मिश्रा रीवा एयरपोर्ट पर रीवा से कोलकाता और रीवा से भोपाल के लिए शुरू हो रही नई उड़ान सेवाओं के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और देश की आर्थिक स्थिति को लेकर यह बयान दिया। ब्राजील में गाड़ियों में किसी तरह की समस्या नहीं जनार्दन मिश्रा ने कहा कि ब्राजील दुनिया में सबसे अधिक एथेनॉल बनाने वाले देशों में है।वहां 100% गाड़ियां एथेनॉल से चल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि वहां वाहनों में किसी तरह की समस्या नहीं है। भारत में भी ऑटोमोबाइल क्षेत्र और कार शॉप से जुड़े मैकेनिक कहते हैं कि एथेनॉल से गाड़ियों में कोई समस्या नहीं। इसके बावजूद इसका विरोध किया जा रहा है। भारत में सबसे अधिक रोजगार, सबसे कम महंगाई सांसद ने कहा कि आज देश प्रगति कर रहा है, क्योंकि देश में अराजकता नहीं है। पीएम मोदी के सुशासन की सरकार में भारत तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि दुनिया में सबसे अधिक रोजगार भारत में और सबसे कम महंगाई भारत में है। उन्होंने कहा कि भारत आज सबसे अधिक विकासशील देशों में शामिल है। कुछ लोग चीन और पाकिस्तान के मंसूबों का विरोध नहीं कर रहे हैं। देश की प्रगति और विकास के लिए सरकार की नीतियों का समर्थन किया जाना चाहिए।
Source link
भाजपा सांसद बोले-'शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा':एथेनॉल के विरोध पर भड़के, रीवा में कहा-आज सबसे कम महंगाई भारत में
