Headlines

भास्कर अपडेट्स:केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 6 राज्यों, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कलेक्टरों को नागरिकता देने का अधिकार दिया




केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुजरात, राजस्थान, पंजाब, पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा के जिला कलेक्टरों को भारतीय नागरिकता देने का अधिकार दिया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कलेक्टर भी नागरिकता से जुड़ी अर्जियों पर फैसला ले सकेंगे। असम और त्रिपुरा के आदिवासी इलाकों को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है। सरकार ने बुधवार को नागरिकता (तीसरा संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए। इसके तहत इन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सामान्य रूप से रहने वाले योग्य आवेदकों को रजिस्ट्रेशन या प्राकृतिककरण के जरिए नागरिकता देने की प्रक्रिया जिला स्तर पर पूरी की जा सकेगी। नए नियमों के तहत जिला कलेक्टर को नागरिकता के लिए आवेदन लेने, उनकी जांच करने और उनका निपटारा करने का अधिकार दिया गया है। कलेक्टर आवेदक के दस्तावेजों की जांच करेंगे और जरूरत पड़ने पर अन्य जांच भी कराएंगे। अगर कलेक्टर को लगता है कि आवेदक नागरिकता पाने के लिए योग्य और उचित है, तो वह सीधे भारतीय नागरिकता दे सकेंगे। इसके लिए आवेदक को कानून के तहत निर्धारित निष्ठा की शपथ भी दिलाई जाएगी। अब तक नागरिकता से जुड़े इन मामलों को सशक्त समितियां और नामित अधिकारी देखते थे। नए नियमों के बाद इनकी जगह जिला कलेक्टर संबंधित आवेदनों के सक्षम अधिकारी होंगे। नए नियमों के तहत नागरिकता के लिए आवेदन इलेक्ट्रॉनिक तरीके से किए जा सकेंगे। आवेदन जमा होने के बाद सिस्टम की ओर से स्वत: पावती मिलेगी। हालांकि, आवेदक को आवेदन की पुष्टि और निष्ठा की शपथ लेने के लिए खुद उपस्थित होना जरूरी होगा। पर्याप्त अवसर दिए जाने के बाद भी अगर आवेदक व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होता है, तो कलेक्टर उसका आवेदन खारिज कर सकते हैं। दिल्ली में पाकिस्तानी हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा घेरा हटाया गया दिल्ली में भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स और ट्रैफिक बोलार्ड्स हटा दिए हैं। इन बैरिकेड्स से पहले हाई कमीशन के आसपास बाहरी सुरक्षा घेरा बना हुआ था। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरियर और पार्किंग पोल हटा दिए थे। महाराष्ट्र के जलगांव में सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 4 की मौत महाराष्ट्र के जलगांव में पाचोरा-मालेगांव रोड पर MSRTC बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। हादसा चालीसगांव क्षेत्र के दहिवाल गांव के पास हुआ। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। हादसे के कारणों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। आज की अन्य बड़ी खबरें… केन्या में हेलिकॉप्टर क्रैश, 7 की मौत; 5 अमेरिकी नागरिक और इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख भी मारे गए केन्या के सांबुरु काउंटी में बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें 5 अमेरिकी नागरिक और इक्वाडोर की खुफिया एजेंसी के प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी शामिल हैं। हेलिकॉप्टर माउंट ओलोलोक्वे के पास क्रैश हुआ था। यह लोइसाबा वाइल्डलाइफ कंजर्वेंसी से एवासो न्गिरो नदी की ओर जा रहा था। इक्वाडोर के खुफिया प्रमुख मिशेल सेंसी-कॉन्टुगी के साथ उनकी पत्नी स्टेफनी सेंसी भी हादसे में मारी गईं। स्टेफनी फैशन डिजाइनर थीं। स्पेनिश टीवी नेटवर्क टेलीमुंडो के एग्जीक्यूटिव जोसे सुआरेज के भी मारे जाने की खबर है। हेलिकॉप्टर ऑपरेटर के मुताबिक, हादसे की वजह अभी पता नहीं चली है। केन्या रेड क्रॉस ने बताया कि हादसे वाली जगह पर आग और मुश्किल रास्ते के कारण राहत और शव निकालने के काम में परेशानी हुई। केन्या के परिवहन मंत्रालय ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। राहुल गांधी ने वीर भूमि पहुंचकर राजीव गांधी को दी श्रद्धांजलि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पिता राजीव गांधी की जयंती पर वीर भूमि पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित किए। मद्रास हाईकोर्ट ने कहा- मंदिरों में भेदभाव की कोई जगह नहीं, कांचीपुरम के मंदिर का मामला मद्रास हाई कोर्ट ने कहा है कि भगवान की नजर में सभी जीव समान हैं और भगवान किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। कोर्ट ने साफ किया कि मंदिरों और अन्य पूजा स्थलों में भेदभाव की कोई गुंजाइश नहीं है। कोर्ट ने भगवद् गीता के अध्याय 9 के श्लोक 29 का हवाला देते हुए कहा कि मैं सभी जीवों के प्रति समान भाव रखता हूं। न मैं किसी का पक्ष लेता हूं, न किसी से द्वेष करता हूं। जो भक्तिभाव से मेरी पूजा करते हैं, वे मुझमें हैं और मैं उनमें हूं। मामला कांचीपुरम के अरुलमिगु देवराज स्वामीगल मंदिर, खासकर श्री मनवाला मामुनिगल श्राइन से जुड़ा था। यहां के एक निवासी ने याचिका में आरोप लगाया था कि गैर-ब्राह्मण भक्तों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। याचिकाकर्ता ने कहा कि मनवाला मामुनिगल श्राइन में दो प्रवेश द्वार हैं- एक मुख्य और दूसरा साइड एंट्री। आरोप था कि गैर-ब्राह्मण भक्तों को मुख्य प्रवेश से जाने नहीं दिया जाता, जो साफ भेदभाव है। पुणे में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को पुलिस की मंजूरी, 30 शर्तें पुणे पुलिस ने राहुल गांधी के 22 अगस्त को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। हालांकि, पुलिस ने इसके लिए 30 शर्तें तय की हैं। आयोजकों को आपत्तिजनक तस्वीरें या बैनर लगाने से रोकने के साथ यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। कार्यक्रम शहर के RTO चौक के पास SSPMS कॉलेज ग्राउंड में शाम 4:30 से रात 9:30 बजे तक होगा। पुलिस के मुताबिक, इसमें 8,000 से 10,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। मणिपुर में 3 दिन स्कूल-कॉलेज बंद, कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का फैसला मणिपुर सरकार ने राज्य में 20 से 22 अगस्त तक सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है। सरकार ने यह फैसला मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए लिया है। इस दौरान बोर्ड से जुड़े सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य उच्च शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी सभी संस्थानों पर लागू होगा। दरअसल, नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजंस (NRC) को अपडेट करने की मांग को लेकर JFD ग्रुप ने 48 घंटे की हड़ताल बुलाई है। बुधवार को हड़ताल के दूसरे दिन घाटी के कई जिलों में प्रदर्शनकारियों ने नेताओं के पुतले जलाए और रैलियां निकालीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *