भिंड के SBI में बैंकिंग फर्जीवाड़ा:मृत खाताधारक के खाते से लाखों का ट्रांजेक्शन, बैंक की आंतरिक जांच के बाद कैशियर निलंबित; तीन पर FIR




भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में खाताधारक के खाते से 8 लाख 95 हजार रुपए के कथित फर्जी ट्रांजेक्शन का मामला सामने आया है। बैंक की आंतरिक जांच में वर्ष 2023-24 के दौरान खाते से 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले में बैंक में कैशियर के पद पर पदस्थ रहे रिनू बाबू कोरके को निलंबित कर दिया गया है। बैंक प्रबंधन के निर्देश पर शाखा प्रबंधक रोहित जायसवाल की शिकायत पर पुलिस ने कैशियर रिनू बाबू कोरके, राधे कुशवाह सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाताधारक की मौत के बाद खाते में हुआ लेनदेन पुलिस के अनुसार, खाताधारक पोपाराम कुशवाह की वर्ष 2023 में मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनके खाते में हुए संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आने पर बैंक में शिकायत की गई। आरोप है कि पोपाराम कुशवाह के हस्ताक्षर का कथित तौर पर फर्जी इस्तेमाल कर अलग-अलग समय पर उनके खाते से 12 ट्रांजेक्शन किए गए। इन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 8 लाख 95 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है। बैंक की आंतरिक जांच में खुला मामला मामले की शिकायत मिलने के बाद भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच के लिए समिति गठित की। समिति ने बैंक के रिकॉर्ड, खाते में हुए लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कैशियर रिनू बाबू कोरके की भूमिका सामने आने के बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने मामले में पुलिस कार्रवाई के निर्देश दिए। मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज एसबीआई मिहोना शाखा के प्रबंधक रोहित जायसवाल ने बैंक के निर्देश पर मिहोना थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने रिनू बाबू कोरके, राधे कुशवाह सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब बैंक से संबंधित दस्तावेज, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और खाते में इस्तेमाल किए गए हस्ताक्षरों की जांच कर रही है। पुलिस खंगाल रही बैंक रिकॉर्ड मिहोना थाना प्रभारी रोहित गुप्ता के मुताबिक, बैंक मैनेजर की शिकायत पर कैशियर रिनू बाबू कोरके, राधे कुशवाह सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। खाते से 8 लाख 95 हजार रुपए के 12 ट्रांजेक्शन किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस बैंक से लेनदेन और अन्य दस्तावेज हासिल कर मामले की विवेचना कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *