![]()
भोजपुर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान टाउन थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने धरहरा-इब्राहिमनगर और शक्तिनगर-शिवगंज मोहल्ले में छापेमारी कर करीब 12 किलो 530 ग्राम गांजा, 10 लाख 52 हजार 98 रुपए नकद, करीब 100 ग्राम वजन की सोने की एक बिस्किट और पिस्टल की एक मैगजीन बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में इब्राहिमनगर निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू, शक्तिनगर, शिवगंज निवासी अभिषेक कुमार उर्फ सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू चौधरी शामिल हैं। अभिषेक और राहुल सगे भाई हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सदर के प्रभारी एसडीपीओ मनोज कुमार ने दी जानकारी सदर के प्रभारी एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा स्थित एक स्टेशनरी दुकान की आड़ में चोरी-छिपे गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद इंस्पेक्टर देवराज राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने स्टेशनरी दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 360 ग्राम गांजा और 10,098 रुपए नकद बरामद किए। मौके से अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और ठिकानों के बारे में जानकारी मिली। अभिमन्यु की निशानदेही पर पुलिस टीम ने शक्तिनगर, शिवगंज मोहल्ले में छापेमारी की। यहां एक घर की तलाशी के दौरान तीन अलग-अलग पैकेटों में रखा 12 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने अभिषेक कुमार और राहुल पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान घर से 10 लाख 42 हजार रुपए नकद, सोने की एक बिस्किट और पिस्टल की एक मैगजीन मिली। पुलिस के अनुसार, बरामद कुल नकदी में धरहरा से मिले 10,098 रुपए और शिवगंज से मिले 10 लाख 42 हजार रुपए शामिल हैं। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत और गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर गांजा कहां से लाया जाता था, इसकी सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी और इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है। गांजा बिक्री के पैसों से खरीदी थी सोने की बिस्किट इंस्पेक्टर देवराज राय ने बताया कि बरामद सोने की बिस्किट का वजन करीब 100 ग्राम के आसपास है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने गांजा की बिक्री से अर्जित पैसों से सोने की बिस्किट खरीदने की बात बताई है। बरामद 10 लाख 42 हजार रुपए भी गांजा तस्करी से कमाई के बताए जा रहे हैं। पुलिस सोने की बिस्किट और नकदी के स्रोत की भी जांच कर रही है।
Source link
भोजपुर में स्टेशनरी दुकान की आड़ में गांजा तस्करी:10.52 लाख कैश, सोने की बिस्किट, पिस्टल की मैगजीन बरामद; 12.50 किलो की खेप संग तीन गिरफ्तार
