![]()
मंडी जिले के उत्तरशाल क्षेत्र के कटौला में नागनाला के पास शनिवार सुबह भारी भूस्खलन हो गया। शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा अचानक दरक गया। घटना के दो वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कुछ ही सेकंड में बड़ी मात्रा में मलबा पहाड़ी से नीचे गिरता दिखाई दे रहा है। भूस्खलन की तेज आवाज और मलबा गिरने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। जिस पहाड़ी पर भूस्खलन हुआ है, उसके एक तरफ नागनाला बहता है, जबकि दूसरी ओर लोगों के घर हैं। ऐसे में पहाड़ी के दोबारा खिसकने की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोग रातभर सतर्क रहे और पहाड़ी की स्थिति पर नजर बनाए रखी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण करवाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। मंडी में बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ भारी बारिश के कारण मंडी जिले में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन एवं नियंत्रण केंद्र की 22 अगस्त सुबह 10 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में कुल 46 सड़कें बंद हैं। इनमें 45 ग्रामीण सड़कें और एक एमडीआर सड़क शामिल है। सराज डिवीजन में सबसे ज्यादा 25 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा पधर में 7, थलौट में 5, सरकाघाट और धर्मपुर में 3-3, सुंदरनगर, जोगिंदरनगर और मंडी-II में एक-एक सड़क प्रभावित है। बारिश से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। जिले में 42 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं, जिनमें 40 गोहर क्षेत्र के हैं। हालांकि, पेयजल योजनाओं के बाधित होने की सूचना नहीं है। ग्रामीणों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
Source link
मंडी के कटौला में भारी भूस्खलन, वीडियो वायरल:पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरका; घरों पर खतरा, बारिश से जिले में 46 सड़कें बंद
