![]()
लुधियाना के हैबोवाल थाना के अंतर्गत आते हरगोबिंद नगर में कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करने वाले एक 40 वर्षीय फैक्ट्री मालिक की तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जतिंदर राजपूत के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसी के एक दोस्त पर लगा है जो वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार है। मर्डर की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं और जांच में जुट गईं। पुलिस ने बताया है कि मृतक के गले पर चोट के निशान मिले हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है। जतिंदर राजपूत अपनी ही फैक्ट्री में अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने एक दोस्त के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी दोस्त ने तैश में आकर जतिंदर पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया और उसे मौत के घाट उतारकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से ही आरोपी का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। भाई ने देखा खून से लथपथ शव मामले की जानकारी देते हुए हैबोवाल थाने के SHO जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब साढ़े 9 बजे इस घटना की सूचना मिली थी। सुबह जब मृतक का भाई फैक्ट्री पहुंचा तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। जतिंदर की गर्दन से काफी खून बह रहा था और वह मृत अवस्था में पड़ा था। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य भाई ने तुरंत पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। SHO ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है। हालांकि, दोनों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ, जिसने हत्या का रूप ले लिया, इसके असली कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। हम इस खबर को अपडेट कर रहे हैं…
Source link
लुधियाना में फैक्ट्री मालिक की गला काटकर हत्या:पार्टी के दौरान दोस्त से कहासुनी, वारदात के बाद से आरोपी फरार, मोबाइल स्विच ऑफ
