Headlines

मंडी में पारिवारिक विवाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत:जमीन को लेकर चल रहा था झगड़ा, भतीजे पर पत्थरों से हमले का आरोप




हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पद्धर उपमंडल के तहत द्रंग विधानसभा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना टांडू पंचायत के चौहट्टा गांव की है। मृतक लोक निर्माण विभाग (PWD) से सेवानिवृत्त शेर सिंह पुत्र भगत राम के परिवार में जमीन को लेकर विवाद था। घटना के बाद परिजनों ने भतीजे और अन्य लोगों पर पत्थरों से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेर सिंह का अपनी बहन, भतीजे और बहू के साथ जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते परिवार में अक्सर कहासुनी होती रहती थी। रविवार को घास काटने को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के दौरान शेर सिंह पर पत्थरों से हमला किया गया। घर में अचेत मिले, अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया विवाद के कुछ समय बाद शेर सिंह अपने घर में अचेत अवस्था में पाए गए। परिजनों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इस वजह से पुलिस हृदयाघात (हार्ट अटैक) की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी भेज दिया है। डीएसपी लोकेंद्र नेगी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *