Headlines

मंडी में लोगों की डंपिंग साइट हटाने की मांग तेज:डीसी को दी शिकायत; बोले- प्रदूषण से लोग हो रहे बीमार




मंडी जिले के नेरचौक नगर परिषद की कंसा चौक स्थित डंपिंग साइट को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। जिला परिषद सदस्य डिंपल सैनी ने उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन को ज्ञापन सौंपकर इस डंपिंग साइट को तत्काल किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि नेरचौक नगर परिषद की यह डंपिंग साइट एक रिहायशी क्षेत्र के मध्य स्थित है। इसके कारण आसपास के निवासियों को प्रतिदिन दुर्गंध और प्रदूषण का सामना करना पड़ता है। डंपिंग साइट के समीप राजकीय आईटीआई, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डीएवी स्कूल, शिवा आदर्श स्कूल, सिल्वर ओक मॉडल स्कूल और सत्संग भवन जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी और आम लोगों का आना-जाना है। स्वास्थ्य पर पड़ रहा बुरा असर डिंपल सैनी ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि डंपिंग साइट से लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक आंगनबाड़ी केंद्र है। वहीं, 300 से 400 मीटर की दूरी पर एक बड़ा खेल मैदान है, जहां सैकड़ों बच्चे और युवा प्रतिदिन खेलकूद व व्यायाम के लिए आते हैं। कूड़े से उठने वाली दुर्गंध और प्रदूषण इन सभी के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रहा है। अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला स्थानीय लोगों ने इस समस्या को कई बार प्रशासन के समक्ष उठाया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उपयुक्त जगह पर स्थानांतरित करने की मांग जिला परिषद सदस्य डिंपल सैनी ने उपायुक्त अपूर्व देवगन से आग्रह किया है कि जनहित और सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कंसा चौक स्थित डंपिंग साइट को जल्द से जल्द शहर से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और प्रशासन को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *