![]()
मंदसौर जिला युवक कांग्रेस ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान कथित पैलेट गन, लाठीचार्ज, आंसू गैस के इस्तेमाल और पेपर लीक के मुद्दे पर किया गया। प्रदर्शन शहर के गांधी चौराहे पर हुआ। प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने “मोदी-शाह हाय-हाय” के नारे भी लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस ने पैलेट गन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। साथ ही, आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। कांग्रेस ने इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गृहमंत्री अमित शाह की जवाबदेही तय करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शिवी सिंह चौहान ने दैनिक भास्कर से बात करते हुए कहा कि यह एक सांकेतिक प्रदर्शन है। उन्होंने बच्चों पर पैलेट गन चलाने के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चौहान ने गृहमंत्री अमित शाह की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया। कांग्रेस का आरोप है कि अमित शाह के आदेश पर पैलेट गन चलाई गई, जिससे किसी बच्चे की आंख को नुकसान हुआ तो किसी के कान में छर्रे लगे। चौहान ने गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश पटेल ने कहा कि दिल्ली में छात्रों ने अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया था। उन्होंने याद दिलाया कि छात्रों के आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था। पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा की मोदी सरकार के इशारे पर पुलिस ने छात्रों को घायल किया था। उन्होंने कहा कि अब युवक कांग्रेस अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रही है और इसी के विरोध में यह सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है।
Source link
मंदसौर में गृहमंत्री अमित शाह की बर्खास्तगी की मांग:दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने पर यूथ कांग्रेस का विरोध
