![]()
मसूदा नगर पालिका क्षेत्र में शनिवार सुबह सालों पुराना दो मंजिला कच्चा मकान ढह गया। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान काफी जर्जर हो चुका था। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मकान गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मोहल्लेवासियों में भय व्याप्त हो गया। नगर पालिका द्वारा पिछले साल सुरक्षा की दृष्टि से इस जर्जर मकान की ऊपरी मंजिल को हटवा दिया गया था। इसके बावजूद लगातार बारिश के कारण मकान की शेष संरचना भी ढह गई। ग्रामीणों ने जताई चिंता स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस समय मकान गिरा, उस दौरान वहां कोई वाहन खड़े नहीं थे। इसी रास्ते से रोजाना छोटे बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ने आते हैं और मोहल्लेवासी अपने चौपहिया वाहन भी मकान के समीप खड़े करते हैं। यदि हादसे के समय कोई व्यक्ति या वाहन वहां मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलने पर नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हुआ। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अक्षय राजपुरोहित ने बताया कि ध्वस्त मकान का मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जर्जर मकानों की पहचान कर नोटिस देगी पालिका उन्होंने यह भी बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में स्थित अन्य पुराने और जर्जर मकानों की पहचान कर उनके मालिकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए नोटिस दिए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से जनहानि रोकी जा सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए कस्बे के सभी जर्जर भवनों का सर्वे कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
Source link
मसूदा में बारिश से दो मंजिला जर्जर मकान ढहा:बड़ा नुकसान टला; पुराने मकानों को निगम देगी नोटिस
