![]()
कोटा के नयापुरा से बूंदी जाने वाली सड़क पर बनी चंबल पुलिया(PWD पुलिया) पर रविवार को वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) की ओर से पुलिया का Structural Assessment और NDT Testing कराया जाएगा।
.
इसके लिए मेसर्स बी.जे. मेहता आर्किटेक्चरल एंड स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड की टीम पुलिया की जांच करेगी। टेस्टिंग के दौरान सुबह 6:30 बजे से शाम 7 बजे तक नयापुरा की तरफ से कुन्हाड़ी की ओर जाने वाले सभी वाहनों का पुलिया पर एंट्री बंद रहेगी।
नयापुरा से कुन्हाड़ी जाने के लिए यह रहेगा वैकल्पिक मार्ग
नयापुरा की ओर से आने वाले वाहन चंबल पुलिया की स्लिप लेन से रिवर फ्रंट के सामने छोटी पुलिया, अंडरब्रिज और रिद्धि-सिद्धि टावर होते हुए कुन्हाड़ी, बूंदी और जयपुर की ओर जा सकेंगे।
कुन्हाड़ी और बालिता रोड की तरफ से चंबल की छोटी पुलिया की ओर आने वाले सभी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। रोडवेज बस, निजी बस और अन्य वाहन चालकों से चंबल पुलिया से गुजरते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए रिवर फ्रंट और कुन्हाड़ी चौराहे के आसपास के दुकानदारों से भी दुकानों का सामान या वाहन सड़क पर खड़ा नहीं करने को कहा गया है।
कोटा में कल रन ऑफ गांडिव मैराथन, सुबह 5:30 से 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
कोटा में कल यानी 27 सितंबर को रन ऑफ गांडिव मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन सुबह 5:30 बजे से 10 बजे तक होगी। कर्नल सचिन होनावाड, कमांडिंग ऑफिसर, 01 मराठा जंगी प्लटन के नेतृत्व में आयोजित होने वाली मैराथन में 3, 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ शामिल है।
3 किलोमीटर की दौड़ दरबार पेट्रोल पंप से यू-टर्न लेकर जेडीबी कॉलेज के सामने से उम्मेद सिंह स्टेडियम, नयापुरा पहुंचेगी। वहीं 10 और 21 किलोमीटर की दौड़ ग्लोब सर्किल, नयापुरा से शुरू होगी।
प्रतिभागी विद्युत थाना कट, सरकारी कॉलेज, सूचना केंद्र, सर्किट हाउस, दरबार पेट्रोल पंप, माला रोड, आबकारी थाना, माला फाटक और जनकपुरी होते हुए निर्धारित मार्ग से आर्मी एरिया पहुंचेंगे। इसके बाद सूचना केंद्र, अंटाघर चौराहा, जेडीबी कॉलेज और तरणताल होते हुए दौड़ उम्मेद सिंह स्टेडियम में समाप्त होगी।
दौड़ मार्ग पर वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
मैराथन के दौरान दौड़ के निर्धारित मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग और डायवर्जन निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि मैराथन के दौरान निर्धारित डायवर्जन मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
