![]()
सरगुजा के ग्राम सूर में एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में करंट लगने से 15 साल के छात्र की मौत हो गई। छात्र को शनिवार देर रात अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हॉस्टल की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले के ग्राम तमता का रहने वाला आशुतोष मेमोरियल स्कूल में कक्षा आठवीं में पढ़ता था। वह स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात आशुतोष ने हॉस्टल के कमरे का लोहे का दरवाजा खोला, तभी उसे करंट लग गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बेहोश देखकर हॉस्टल में रह रहे दूसरे छात्रों ने शोर मचाया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माता-पिता का इकलौता बेटा था आशुतोष बताया गया है कि कमरे के लोहे के दरवाजे में करंट आ रहा था। दरवाजा खोलते ही आशुतोष इसकी चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसके माता-पिता अस्पताल पहुंचे। बेटे का शव देखकर दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आशुतोष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता विकास शिक्षक हैं। पढ़ाई के साथ ही आशुतोष खेलकूद में भी अच्छा था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। सीतापुर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र की मौत करंट लगने से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हॉस्टल में करंट से 15 साल के छात्र की मौत:लोहे का दरवाजा खोलते ही चपेट में आया, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
