![]()
पन्ना के मोहन्द्रा में बुजुर्ग महिला से जादू-टोने के नाम पर चांदी की चूड़ियां ठगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला से कहा था कि चूड़ियां देने पर वे जादू-टोने से पिछले साल चोरी हुए जेवर वापस दिला देंगे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चांदी की चूड़ियां और ठगी में इस्तेमाल बाइक समेत करीब 95 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। चोरी हुए जेवर लौटाने का झांसा दिया घटना 15 सितंबर की है। खिरकाटोला मोहल्ले की 50 वर्षीय तुलसी बसोर घर के आंगन में अकेली थीं। इसी दौरान बाइक से दो युवक पहुंचे और खाना मांगा। खाना खाने के बाद दोनों ने महिला से उसकी परेशानी के बारे में पूछा। महिला ने बताया कि पिछले साल उसके घर से चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। आरोपियों ने कहा कि अगर वह अपनी चांदी की चूड़ियां उन्हें दे देगी तो जादू-टोने से पुराने जेवर वापस मिल जाएंगे। गड्ढे में चूड़ियां दबाने का किया नाटक महिला आरोपियों के झांसे में आ गई और उसने चांदी की चूड़ियां दे दीं। दोनों ने गड्ढा खोदकर चूड़ियों को कपड़े में लपेटकर उसमें दबाने का नाटक किया। उन्होंने महिला से कहा कि अगले दिन पूजा के बाद चूड़ियां निकाल लेना और वहां से चले गए। उनके जाने के बाद महिला ने गड्ढा खोदा तो चूड़ियां गायब थीं। इसके बाद वह अपने पति के साथ मोहन्द्रा चौकी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मुखबिर की सूचना पर दोनों पकड़े गए शिकायत के बाद सिमरिया थाना प्रभारी निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री के नेतृत्व में टीम बनाई गई। मुखबिर की सूचना पर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दीपक त्रिपाठी और टीम ने 17 सितंबर को मोहन्द्रा कस्बे में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू गोसाई (31) और गोकुल गोसाई (20) के रूप में हुई है। दोनों नया पटेल नगर, थाना कोंच, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। चूड़ियां और बाइक जब्त पुलिस ने आरोपियों से करीब 15 हजार रुपए कीमत की चांदी की चूड़ियां और ठगी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक माधवी अग्निहोत्री, उप निरीक्षक दीपक त्रिपाठी, आरक्षक राहुल पटेल, अंकित राय और अखिल शुक्ला की भूमिका रही।
Source link
महिला को जादू-टोने से जेवर वापस दिलाने का झांसा दिया:पन्ना पुलिस ने यूपी के दो शातिर ठगों को पकड़ा, चांदी की चूड़ियां मिलीं
