![]()
जांजगीर-चांपा के अकलतरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वाहन की किश्त नहीं चुका पा रहे थे। इसके बाद साथियों के साथ मिलकर आसपास के रेलवे स्टेशनों से बाइक चोरी करने लगे और उन्हें कम कीमत में बेचकर मिलने वाले पैसों से खाने-पीने और पार्टी में खर्च करते थे। एक के बाद एक चोरी की शिकायतें मिलीं पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को अकलतरा वार्ड क्रमांक 14 निवासी मदन मोहन सिंह ने मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 16 सितंबर को अकलतरा निवासी सनी तान्द्रे ने घर के सामने से आई स्मार्ट मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11-AD-6378 और एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG-10-BE-1646 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। दोनों मामलों की जांच में साइबर सेल और अकलतरा पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। किश्त बकाया होने से चोरी करने की बात पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोनू बरेठ (23), निवासी कोरबा रेलवे स्टेशन क्षेत्र से पूछताछ की गई। उसने बताया कि एक मामले की पेशी के दौरान वाहन फाइनेंसर का फोन आया था। उस पर करीब 15 हजार रुपए की किश्त बकाया थी और वाहन जब्त होने की बात से वह परेशान था। इसके बाद उसने यश मानिकपुरी और एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर अकलतरा रेलवे स्टेशन से मोटरसाइकिल चोरी करना शुरू किया। 6 हजार रुपए में बेच देते थे चोरी की बाइक पुलिस के अनुसार, चोरी की आई स्मार्ट मोटरसाइकिल को नाबालिग साथी को 6 हजार रुपए में बेच दिया गया। इसके बाद अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक दुकान के किनारे से एक्टिवा स्कूटी चोरी की गई। इसे भी 6 हजार रुपए में बेचने की बात सामने आई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के वाहनों से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे खाने-पीने और पार्टी करने में करते थे। चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में चोरी की अन्य गाड़ियों और आरोपियों के साथियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आए अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
किश्त नहीं चुका पाए तो बाइक चोरी करने लगे:अकलतरा में सस्ते में बेचकर करते थे पार्टी, 2 आरोपी गिरफ्तार, 4 बाइक बरामद
