![]()
गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में एक महिला ने घर से करीब 200 मीटर दूर एक पीजी की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। मृतका की पहचान सुषमा के रूप में हुई है, जिसकी शादी 2014 में फर्रुखनगर के वार्ड नंबर-5 निवासी मुकेश कुमार से हुई थी। महिला के मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। सुषमा का मायका रेवाड़ी जिले के गुड़ियानी गांव में है। उसके भाई संजय ने पुलिस को बताया कि सुषमा का एक 11 साल का बेटा उमंग है। संजय ने अपनी शिकायत में कहा कि शादी के बाद से ही सुषमा को दहेज और पैसों की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा था। भाई बोला-दहेज को लेकर परेशान करते थे ससुराली भाई के अनुसार, विवाद के दौरान सुषमा के साथ मारपीट भी हुई थी। कई बार उसे ससुराल छोड़कर मायके जाना पड़ा। परिजनों ने बताया कि हाल ही में एक घटना के बाद सुषमा फिर मायके पहुंची थी और करीब 2-3 महीने वहीं रही। इसके बाद उसके पति मुकेश मायके गए। उन्होंने परिवार के सामने अपनी गलती मानी और आगे से कोई विवाद न होने का भरोसा दिया। इसके बाद सुषमा वापस पति के साथ फर्रुखनगर आ गई थी। भाई ने लगाया आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप संजय ने बताया कि 8 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे मुकेश का उनके पास फोन आया। मुकेश ने बताया कि सुषमा घर पर नहीं है और कहीं चली गई है। परिवार के लोग अभी इस बात को समझने और जानकारी लेने में लगे थे कि शाम करीब साढ़े 7 बजे उन्हें सुषमा की मौत की खबर मिली। खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग फर्रुखनगर पहुंचे। भाई संजय ने पुलिस को दी शिकायत में पति और ससुराल पक्ष पर सुषमा को मानसिक रूप से परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल, पारिवारिक विवाद और लगाए गए आरोपों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Source link
महिला ने PG की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान:गुरुग्राम में भाई ने प्रताड़ना का आरोप लगाया, एक बेटे की मां थी
