मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत:पेंड्रा में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी, पुलिस जांच में जुटी




पेंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम माटियाडाड़ में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, कोटमी चौकी अंतर्गत ग्राम माटियाडाड़ निवासी बृहस्पतिया बाई ने बताया कि उनका भाई रामकुमार चौधरी मानसिक रूप से अस्वस्थ था। 29 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे गांव के गोपी और परमेश्वर उनके घर पहुंचे और रामकुमार पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पूछताछ करने लगे। बृहस्पतिया बाई ने उन्हें समझाइश देकर खेत चली गईं। पत्थरों और मुक्कों से बेरहमी से पीटा आरोप है कि बृहस्पतिया बाई के जाने के बाद दोनों आरोपियों ने रामकुमार के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों और पत्थरों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में रामकुमार के सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। इलाज के दौरान हुई मौत घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने घायल रामकुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी पेंड्रा थाना प्रभारी रणछोर सिंह सेंगर ने बताया कि प्रारंभिक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। अब युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में आवश्यक संशोधन कर हत्या सहित संबंधित धाराएं जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *