![]()
टोंक जिले के मालपुरा की कांवड़ यात्रा सोमवार को तेज बारिश के बीच बीसलपुर से मालपुरा पहुंची। शाम को RAC चौकी से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच कांवड़ यात्रा ने शहर में एंट्री की। इसके बाद यात्रा पारंपरिक मार्ग से होते हुए कृषि मंडी स्थित शिवालय पहुंची, जहां कांवड़ यात्रियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। बीसलपुर से जल भरकर 2 हजार से ज्यादा कांवड़िए रविवार को रवाना हुए थे। करीब 1400 जवानों की सुरक्षा में रहा पूरा शहर
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर मालपुरा शहर पूरी तरह पुलिस छावनी में नजर आया। करीब 1400 STF, RAC और पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। कलेक्टर टीना डाबी, पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा, SDM कपिल शर्मा, ASP पुष्पेंद्र सिंह और मालपुरा डीएसपी आशीष प्रजापत सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। यात्रा के पूरे मार्ग पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग, गलियां बंद रहीं
संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में पुलिस ने बैरिकेडिंग कर गलियों को बंद रखा। घरों के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया। कांवड़ यात्रा के मालपुरा पहुंचने पर शहरवासियों में उत्साह नजर आया। लोगों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया और यात्रा का अभिनंदन किया। कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने भी कांवड़ यात्रा पर फूल बरसाकर स्वागत किया। यात्रा देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मकानों की छतों पर भी मौजूद रहे। 2019 में कांवड़ यात्रा पर हुआ था पथराव
बता दें, 2019 में कांवड़ यात्रा के दौरान पथराव की घटना सामने आई थी। इसके बाद प्रशासन की ओर से दोनों समुदायों की धार्मिक यात्राओं के मार्ग में बदलाव किया गया था। दूदू-छाण स्टेट हाईवे पर करीब दो किलोमीटर का हिस्सा मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्र से होकर गुजरता है। इसी मार्ग को लेकर पिछले वर्षों में विवाद की स्थिति बनी थी। सुरक्षा कारणों से यात्रा के रास्ते में बदलाव किया गया। पिछली सरकार में बंद रही थी यात्रा
पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कांवड़ यात्रा को लेकर विवाद और सुरक्षा कारणों के चलते यात्रा बंद रही थी। सरकार बदलने के बाद पिछले तीन साल से पुलिस सुरक्षा के बीच कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। सोमवार को भी कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से निकली और शाम को भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया।
Source link
मालपुरा में 1400 जवानों की सुरक्षा में पहुंची कांवड़ यात्रा:बीसलपुर से जल लेकर पहुंचे 2 हजार से ज्यादा कांवड़िए, संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग, गलियां बंद रही
