Headlines

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले लगे विरोध पोस्टर:रायबरेली में सपा छात्र सभा ने लगाए, प्रशासन ने रातों-रात हटवाए




रायबरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक दिवसीय दौरे से पहले देर रात उनके खिलाफ विरोध पोस्टर लगाए गए। समाजवादी छात्र सभा रायबरेली ने शहर के विभिन्न चौराहों पर डस्टबिन और दीवारों पर ये पोस्टर लगाए। पोस्टरों में मुख्यमंत्री से ‘वापस जाओ’ का नारा लगाते हुए युवाओं को बेरोजगारी देने, प्राइमरी स्कूल बंद करने, टूटी सड़कें और उद्योग-धंधों से वंचित रखने का आरोप लगाया गया। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बावजूद प्रशासन की नाक के नीचे हुई यह घटना एक बड़ी चूक मानी जा रही है। प्रशासन ने रातों-रात इन पोस्टरों को हटा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रायबरेली जनपद में 879 करोड़ रुपए से अधिक की 346 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम फीरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान, रायबरेली में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और सिंचाई जैसी आवश्यक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लगभग 19 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की जाएगी। साथ ही, आयुष्मान कार्ड, लैपटॉप, स्वीकृति पत्र और चाबियों का वितरण भी किया जाएगा। विशेष रूप से, सपेरा समुदाय के 60 से अधिक परिवारों और अन्य आवासविहीन परिवारों को आवासीय पट्टे के आवंटन पत्र दिए जाएंगे, जिससे उन्हें स्थायी आश्रय मिल सकेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कार्यक्रम में शामिल होने से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह आयोजन जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *