Headlines

मेडिकल कॉलेज निर्माण में देरी पर DM सख्त:मुरादपुर पहुंचकर लिया जायजा, बोले- समय पर काम नहीं हुआ तो एजेंसी पर कार्रवाई




सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड के मुरादपुर में बन रहे सरकारी मेडिकल कॉलेज का गुरुवार को जिलाधिकारी (डीएम) तनय सुल्तानिया ने जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम ने साफ कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे जरूरी और जनहित से जुड़े प्रोजेक्ट में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम का रवैया सख्त दिखा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तय समय में काम पूरा नहीं हुआ, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियम के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्माण तय समय में पूरा करने के निर्देश उन्होंने काम वाली जगह पर मजदूरों और सामान की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ काम को तय तकनीकी और क्वालिटी मानकों के हिसाब से पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने मेडिकल कॉलेज परिसर में एम्बुलेंस पार्किंग, इनडोर खेल सुविधा और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी इमारतों का निर्माण तय समय में पूरा किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में नर्सिंग स्कूल, लड़के-लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल के अलावा प्रिंसिपल, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और दूसरे कर्मचारियों के लिए रहने की सुविधा भी होगी। स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं इसके बाद डीएम ने संबंधित एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मेडिकल कॉलेज से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं और निर्माण की प्रगति को पीपीटी के जरिए देखा गया। डीएम ने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने को कहा। मेडिकल कॉलेज बनने के बाद सीतामढ़ी के साथ-साथ आसपास के जिलों और नेपाल से आने वाले लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आरके यादव, डीपीएम आसित रंजन और दूसरे अधिकारी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *