Headlines

मेवात में कीचड़ में फंसी इनेलो कार्यकर्ताओं की गाड़ी:ताऊ देवीलाल जयंती का प्रचार करने जा रहे, बदहाल सड़कों पर भाजपा को घेरा




नूंह जिले में इनेलो कार्यकर्ताओं ने 27 सितंबर को होने वाली ताऊ देवीलाल जयंती के कार्यक्रम के लिए प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के दौरान पुन्हाना हलके के पापड़ी गांव में एक घटना सामने आई, जहां कार्यकर्ताओं की गाड़ी कीचड़ में फंस गई। इस घटना ने मेवात में विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इनेलो कार्यकर्ता अमित ने बताया कि एक युवा साथी उन्हें कथित तौर पर गलत रास्ते से ले गया। इस रास्ते पर गांव की सड़कें खराब थीं और पानी भरा हुआ था। भारी कीचड़ और पानी के कारण प्रचार में शामिल गाड़ी वहीं फंस गई। कोशिश के बावजूद आगे नहीं बढ़ पाई गाड़ी काफी कोशिशों के बाद भी गाड़ी आगे नहीं बढ़ पाई। आखिरकार उसे पीछे करके वापस निकालना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने मौके का वीडियो बनाते हुए कहा कि अगर गांव की गलियों और रास्तों की हालत ऐसी है कि बारिश के बाद बाइक और गाड़ी तक नहीं निकल सकती, तो विकास के दावों की हकीकत समझी जा सकती है। इस वीडियो को इनेलो के फेसबुक पेज पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मेवात में लंबे समय से जाति और धर्म की राजनीति के कारण मूलभूत समस्याएं पीछे छूट गई हैं। सड़क और जलभराव जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत : अमित उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, सड़क और जलभराव जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। इनेलो कार्यकर्ताओं ने चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में मेवात को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कदम उठाए गए थे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब राजनीतिक नारों से आगे बढ़कर मेवात के गांवों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करने की जरूरत है। 27 सितंबर को नूंह में होने वाली ताऊ देवीलाल जयंती के कार्यक्रम में भी मेवात के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उनका कहना है कि किसी को रास्ता भटकाया जा सकता है, लेकिन गांवों की जमीनी हकीकत को कैमरे और जनता की नजर से नहीं छिपाया जा सकता।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *