Headlines

मोगा में ट्रैक्टर-मशीनरी के नाम पर ठगी:किसान से 23.80 लाख रुपए लिए, पिता-पुत्र ने न ट्रैक्टर दिया, न रकम लौटाई




मोगा। जिले में स्वराज ट्रैक्टर और खेतीबाड़ी की मशीनरी देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 23 लाख 80 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। धर्मकोट पुलिस ने सुल्तानपुर लोधी निवासी सुखमनप्रीत सिंह और उसके पिता सरवन सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बहादरवाला निवासी गुरनाम सिंह पुत्र पाला सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने खेतीबाड़ी के लिए स्वराज ट्रैक्टर और अन्य मशीनरी खरीदने के लिए बैंक से कर्ज लिया था। इसके बाद उन्होंने आरोपियों को 18 फरवरी 2025 को 7 लाख 56 हजार रुपये और 27 फरवरी 2025 को 16 लाख 24 हजार रुपये दिए। इस तरह दोनों आरोपियों को कुल 23 लाख 80 हजार रुपये दिए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी गुरनाम सिंह का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद आरोपियों ने न तो उन्हें ट्रैक्टर दिया और न ही खेतीबाड़ी की मशीनरी उपलब्ध करवाई। काफी समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को शिकायत दी। शिकायत की जांच डीएसपी धर्मकोट ने की। दोनों पक्षों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए। जांच में शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाने के बाद थाना धर्मकोट में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 61(2), 420 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया है। चौकी कमालके प्रभारी एएसआई गुरप्रीत सिंह जांच कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *