![]()
नशे के सौदागरों के खिलाफ आवाज उठाना एक युवा को भारी पड़ गया। मोगा जिले के नत्थूवाला जदीद गांव में ‘नौजवान सभा युद्ध नशों विरुद्ध’ के सक्रिय सदस्य लभप्रीत सिंह उर्फ लकी पर नशा तस्करों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल लभप्रीत को लहूलुहान कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, बल्कि उसके चाचा के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और गुंडागर्दी भी की। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके और गांववासियों में भारी आक्रोश फैल गया है। सरपंच हरजिंदर सिंह की अगुवाई में ग्रामीणों ने एसएसपी मोगा से तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि नशे के खिलाफ जारी जन-मुहिम का हौसला न टूटे। कुछ दिन पहले ही कतर से लौटा था पीड़ित विदेश (कतर) से करीब 20 दिन पहले लौटे पीड़ित लभप्रीत सिंह लकी ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह गांव में सरपंच द्वारा बनाई गई नशा विरोधी कमेटी का सक्रिय सदस्य है। 14 सितंबर की शाम जब वह अपने चचेरे भाई ओंकार सिंह और साथी कमलजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी पुरानी रंजिश और शक के चलते नामजद नशा तस्करों और उनके हथियारबंद गुंडों ने उन्हें घेर लिया और हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल लभप्रीत को मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 15-20 अज्ञात हमलावरों पर मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही थाना अजीतवाल की पुलिस हरकत में आई। सहायक थानेदार मनदीप कौर ने लभप्रीत के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी रविंदर सिंह उर्फ लभ्भा (नत्थूवाला गर्बी), गुरपिंदरजीत सिंह (झंडेयाना शर्की), लवप्रीत सिंह उर्फ लव (बुट्टर कलां) समेत 15 से 20 अज्ञात हथियारबंद हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी हमलावरों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।
Source link
मोगा में शिकायत करने नशा तस्करों ने युवक को पीटा:घर में घुसकर की तोड़फोड़, पुलिस ने 3 नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया
