Headlines

मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन:बांदा में 15 दिन का अल्टीमेटम, समाधान न होने पर धरने की चेतावनी




बांदा जिले के नरैनी तहसील के पिथौराबाद गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं आने से आम लोगों, विद्यार्थियों और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। ज्ञापन में बताया गया कि गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा होने या किसी अन्य आपात स्थिति में एंबुलेंस को फोन करने में दिक्कत आती है। कई बार कॉल लगती ही नहीं और अगर लग भी जाए तो एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में समय लगता है। भाकियू टिकैत के अध्यक्ष अवधेश सिंह पटेल ने बताया कि नेटवर्क की समस्या से फोन पर बात करने के अलावा ऑनलाइन सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में भी परेशानी होती है। विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और दूसरे जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी इस समस्या को लेकर अधिकारियों को आवेदन दिए गए थे, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है। भाकियू टिकैत ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित दूरसंचार विभाग और मोबाइल कंपनियों को निर्देश दिए जाएं। गांव में नेटवर्क व्यवस्था ठीक कराई जाए और जरूरत के हिसाब से नया मोबाइल टावर या नेटवर्क उपकरण लगाए जाएं। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर 15 दिन के अंदर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्राम गिरवां के बिंदवासिनी मंदिर रामलीला प्रांगण में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। यह ज्ञापन भाकियू टिकैत की मंडल अध्यक्ष राजाबाई और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *