![]()
कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद के आह्वान का शुक्रवार को मोहाली के लालड़ू, हंडेसरा और आसपास के क्षेत्रों में मिला-जुला असर देखा गया। अकाली दल वारिस पंजाब ने भी इस बंद का समर्थन किया। बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर यह बंद बुलाया गया था। लालड़ू में बाजार और निजी स्कूल बंद रहे, जबकि अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर यातायात सामान्य बना रहा। दूसरी ओर, हंडेसरा में प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर बंदी सिंहों की रिहाई की मांग उठाई। अंबाला-नारायणगढ़ मार्ग पर स्थित हंडेसरा में अकाली दल वारिस पंजाब के वरिष्ठ नेता और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य निर्मैल सिंह जौला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना दिया। वाहनों ड्राइवरों को हुई परेशानी इस प्रदर्शन के कारण सड़क जाम हो गई, जिससे वाहन ड्राइवरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बंद के आह्वान के चलते लालड़ू मंडी और हंडेसरा के बाजारों में सुबह से ही अधिकांश दुकानें बंद रहीं। क्षेत्र के निजी स्कूल भी बंद रहे। हालांकि, दवा की दुकानें, चिकित्सकों के क्लीनिक, दूध और डेयरी से जुड़ी दुकानें खुली रहीं। सरकारी कार्यालयों में भी सामान्य रूप से कामकाज जारी रहा। प्रदर्शन के दौरान निर्मैल सिंह जौला ने कहा कि कई बंदी सिंह अपनी सजाएं पूरी करने के बावजूद जेलों में बंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंदी सिंहों की रिहाई के मुद्दे पर विभिन्न सरकारों का रवैया एक जैसा रहा है। जौला ने सरकार से बंदी सिंहों की रिहाई के मामले में जल्द निर्णय लेने की मांग की।
Source link
मोहाली में पंजाब बंद का मिला-जुला असर:लालड़ू में बाजार-स्कूल बंद, हंडेसरा में सड़क जाम; बंदी सिंहों की रिहाई को लेकर प्रदर्शन
