![]()
यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव गनौला में ईंटों से हमला किए जाने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले 34 वर्षीय आमिर खान के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में रोष है। आज शुक्रवार को आमिर के पिता साबिर अहमद पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है, लेकिन नामजद आरोपियों के खिलाफ अभी तक गिरफ्तारी की कार्रवाई नहीं की गई। साबिर अहमद ने एसपी को बताया कि 10 सितंबर को उनके बेटे आमिर खान पर आरोपियों ने छत से ईंटें बरसाकर हमला किया था। हमले में आमिर के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आई थीं। उसे इलाज के लिए मुलाना अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिल चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। आमिर की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपियों को नामजद किया था। पिता बोले- केस दर्ज हुआ, लेकिन आरोपी खुले घूम रहे आमिर के पिता साबिर अहमद का कहना है कि उन्होंने पुलिस को आरोपियों के नाम बताए थे और उनके खिलाफ मामला भी दर्ज हो चुका है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उनका आरोप है कि बेटे की मौत के बावजूद आरोपी खुले घूम रहे हैं, जिससे परिवार में भय और रोष का माहौल है। साबिर अहमद के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने उनकी बात सुनी और मामले में कार्रवाई के लिए तीन दिन का समय मांगा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि इस अवधि में पुलिस नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करेगी और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई होगी। कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे चुप नहीं बैठेंगे। परिवार और समर्थकों की ओर से बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। परिजनों का कहना है कि आमिर दो बच्चों का पिता था और उसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। ऐसे में आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई ही परिवार को न्याय दिला सकती है। पुलिस को दी शिकायत के आधार पर बिलाल, आसमा, बानो, रेशमा, साहिल खान, आरजू और जाफो को मामले में नामजद किया गया है। परिजनों के अनुसार, आरोपियों का एक पड़ोसी के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद में आमिर बीच-बचाव करने पहुंचा था। इसके बाद उससे रंजिश रखी जाने लगी और मौका पाकर उस पर छत से ईंटों से हमला किया गया।
Source link
यमुनानगर आमिर हत्याकांड में एसपी से मिले परिजन:पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, बोले-गिरफ्तारी नहीं हुई तो करेंगे बड़ा आंदोलन
