![]()
कानपुर के कल्याणपुर के सत्यम विहार कॉलोनी में ताला ठीक करने के बहाने घर में घुसे दो टप्पेबाजों ने रिटायर्ड बैंक कर्मचारी को बातों में उलझाकर अलमारी से लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पार कर दिए। वारदात को आरोपियों ने इतनी सफाई से अंजाम दिया कि बुजुर्ग को कई घंटे तक चोरी की भनक नहीं लगी। अगले दिन पत्नी के घर लौटने पर अलमारी खोलते ही जेवरात और नकदी गायब मिली। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घर के CCTV में दो संदिग्ध अंदर आते और जाते दिखाई दिए हैं। घर पर अकेले थे रिटायर्ड बैंक कर्मचारी सत्यम विहार कॉलोनी निवासी दुर्गेश नारायण खन्ना (72) रिटायर्ड बैंक कर्मचारी हैं। वह पत्नी मधु खन्ना के साथ रहते हैं। दुर्गेश के मुताबिक 28 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे वह घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी रक्षाबंधन मनाने मायके गई हुई थीं। इसी दौरान गली में दो युवक ताला ठीक करने के संबंध में आवाज लगाते हुए निकले। दुर्गेश ने मुख्य गेट का ताला ठीक कराने के लिए दोनों को घर बुला लिया। पुलिस के मुताबिक, ताला ठीक करने के दौरान दोनों ने उनसे एक गोल चाबी मांगी। इस पर दुर्गेश ने अलमारी की चाबी भी उन्हें दे दी, क्योंकि वह पहले से कुछ टेढ़ी थी। पानी, तेल और चाबी गर्म करने के बहाने उलझाया आरोप है कि दोनों युवकों ने चाबी ठीक करने का बहाना बनाकर बुजुर्ग को लगातार अलग-अलग कामों में उलझाए रखा। कुछ देर बाद उन्होंने तेल मांगा और फिर चाबी को गर्म करके लाने के लिए दुर्गेश को भेज दिया। इसी दौरान आरोपियों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे जेवरात और नकदी बैग में भर लिए। वारदात के बाद आरोपियों ने दुर्गेश से कहा कि दो से तीन घंटे बाद अलमारी खोलना, तब तक चाबी ठीक हो जाएगी। इसके बाद दोनों वहां से निकल गए। अगले दिन 29 अगस्त को पत्नी मधु खन्ना घर लौटीं और अलमारी खोली तो सामान गायब मिला। हार, दो सोने की चेन और चांदी के सिक्के चोरी परिजनों के अनुसार, टप्पेबाज अलमारी में रखा हार, दो सोने की चेन, चांदी के सिक्के और नकदी समेत लाखों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलते ही परिजनों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कल्याणपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध घर के अंदर आते और जाते दिखाई दिए। CCTV फुटेज के आधार पर दो टीमें तलाश में जुटीं पुलिस अब आसपास के घरों और रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज जुटाकर आरोपियों के आने-जाने के रास्ते का पता लगा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात से पहले इलाके की रेकी की और बुजुर्ग के घर पर अकेले होने की जानकारी जुटाई। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। CCTV फुटेज में संदिग्ध दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Source link
युवकों ने रिटायर्ड बैंक कर्मचारी से की लाखों की टप्पेबाजी:कल्याणपुर में ताला ठीक करने के बहाने घुसे, जेवर-नकदी चुराए
